
गुमटी जाम में बाइक सवार छात्र की पुलिस द्वारा पिटाई से नाराज लोगो ने किया सड़क जाम। Voice of Darbhanga

दरभंगा: आज दिन के करीब एक बजे पंडासराय गुमटी के निकट गुमटी खुलने पर पुलिस की गाड़ी से आगे निकलने का प्रयास मात्र करने पर बहादुरपुर थाना की गश्ती टीम के एएसआई शिवशंकर सिंह के द्वारा एक छात्र की पिटाई के आरोप में स्थानीय युवकों ने लहेरियासराय- बहेड़ी पथ को जाम कर दिया है। पीड़ित युवक सबा करीम स्थानीय खाजासराय मुहल्ले का रहने वाला है। पीड़ित के परिजनों ने घटना के तुरंत बाद बहादुरपुर के थानाध्यक्ष देवानन्द राउत को सुचना दी गयी जिसपर उन्होंने टालमटोल वाली भाषा में उक्त अधिकारी से बात करने की बात कही। इससे नाराज लोगों ने पंडासराय ईदगाह के समीप सड़क को जाम कर दिया। जाम कर रहे लोगों ने उक्त पुलिस वाले पर प्राथमिकी दर्ज करके कारवाई की मांग की है। फिलहाल लहेरियासराय थाना की पुलिस जामस्थल पर पहुँच चुकी है और एएसआई गौतम कुमार जाम कर रहे लोगों से बात करके जाम हटाने का प्रयास कर रहे हैं।

