
फर्जी पासपोर्ट गिरोह के तीन लोग धराये। Voice of Darbhanga

दरभंगा : आठ बंग्लादेशियों को पासपोर्ट बनाने के लिए फर्जी कागजात उपलब्ध कराने वाले संगठित गिरोह के तीन सदस्यों को पुलिस ने रविवार को दबोच लिया. सदर थाना क्षेत्र के सारामोहनपुर में गत सात मार्च को बंगलादेशियों के पकडे़Þ जाने के बाद फर्जीवाड़ा का भंडाफोड़ हुआ था. पकडे़ गए लोगों में सारोमाहनपुर के संतोष कुमार यादव, नगर थाना क्षेत्र में सीएम साइंस कॉलेज के निकट रहने वाले मो. निजामुद्दीन उर्फ अजमेरी और मुजफ्फरपुर के कुढ़नी थाना क्षेत्र के माधोपुर चिकनी गांव के सुनील कुमार पासवान शामिल हैं. बातया जाता है कि मो. निजामुद्दीन पेशे से वकील है. वहीं सुनील लोआम मध्य विद्यालय में शिक्षक है. सुनील सदर प्रखंड कार्यालय के निकट फोटोस्टेट की दुकान भी चलाता था. पुलिस ने छापेमारी मे कई फर्जी वोटर आई कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, नगर निगम व राज्य स्वास्थ्य समिति के फर्जी पैड व मुहर बरामद की है. सदर एसडीपीओ दिलनवाज अहमद ने बताया कि बंगलादेशियों के पकड़े जाने के बाद से ही पुलिस को बिचौलिया संतोष यादव की तलाश थी. उसे रविवार सुबह गिरफ्तार किया गया. पूछताछ में संतोष ने बताया कि उसे मो. निजामुद्दीन और सुनील कुमार पासवान फर्जी कागजात उपलब्ध कराता था. इसके माध्यम से वह लोगों को फर्जी कागजात उपलब्ध कराकर उनको पासपोर्ट बनाने में मदद करता था. एसडीपीओ ने बताया कि इस मामले में पुलिस को सदर थाना क्षेत्र के मामल गांव निवासी युसूफ नद्दाफ की तलाश है. फर्जीवाड़ा के धंधे में उसके लिप्त होने की भी जानकारी मिली है. गौरतलब है कि गुप्त सूचना पर पुलिस ने गत सात मार्च को सदर थाना क्षेत्र के सारामोहनपुर डीह गांव में छापेमारी कर किराये के मकान में रह रहे आठ बंगलादेशियों को गिरफ्तार किया था. इस दौरान एक पासपोर्ट सहित कई फर्जी कागजात बरामद किए गए थे. पकड़े गए आठों बंग्लादेशी दरभंगा मंडल कारा में बंद हैं.

