
करंट से वृद्धा की मौत के मामले में जेनरेटर मालिक पर प्राथमिकी दर्ज। Voice of Darbhanga

दरभंगा : गत शनिवार कमतौल थाना क्षेत्र के बग्घा गाँव में भतौड़ा दोसीमाना के समीप विद्युत स्पशार्घात से हुई वृद्धा की मौत मामले में मृतका के पुत्र व बिस्फी (मधुबनी) थाना क्षेत्र ससरमा गाँव निवासी मो0 अब्बास के पुत्र अफजल अली ने फर्दबयान के जरिये जेनरेटर संचालक व बग्घा गाँव निवासी नवल यादव के विरुद्ध कमतौल थाना काण्ड संख्या 160/16 दर्ज कराया है. प्राथमिकी में वादी ने आरोप लगाया है कि जेनेरेटर संचालक की लापरवाही से ही वादी की माता नाजो खातून (५५)की मौत हुई है. मौत का कारण विद्युत् धारा प्रवाहित नंगा तार गले में लिपटना बताया है. प्राथमिकी में यह भी उल्लेख किया है कि उसकी मां नाजो खातून बीते 15 अक्टूबर को बग्घा में दूध पहुंचाने जा रही थी. गाँव में नवल यादव के जेनरेटर का तार खम्भा से नंगा दौड़ाया हुआ था. जिसमें करंट प्रवाहित था. जो कि तार गले से सट गया एवं विद्युत स्पर्शाघात से तत्क्षण नाजो की मौत हो गई. विदित हो कि इसी दुर्घटना को लेकर बीते शनिवार को दो पक्षों के बीच तनाव उत्पन्न हो गया था. जिसे पुलिस व प्रशासन ने प्रबुद्ध लोगों के सहयोग से उचित पहल कर स्थिति को काबू में किया था.

