
तरौनी को प्रखंड का दर्जा देने की मांग को लेकर दिया धरना। Voice of Darbhanga

दरभंगा: जनकवि बाबा नागार्जुन के गांव तरौनी को प्रखंड का दर्जा देने की मांग को लेकर बाबा नागार्जुन प्रखंड निर्माण संधर्ष समिति तथा जागो जनता के दर्जनों कार्यकर्ताओं ने अनुमंडल कार्यालय पर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। समिति के अध्यक्ष सुनील कुमार झा उर्फ मोती बाबू ने कहा कि वर्ष 2004 में राज्य सरकार ने तरौनी को प्रखंड का दर्जा देने का सैद्धांतिक निर्णय लिया था। इसके बावजूद आजतक तरौनी को प्रखंड का दर्जा नहीं दिया गया। इसके लिए सरकार ने एक कमेटी का भी गठन किया गया था। जिस कमेटी के तीन सदस्य आज भी राज्य सरकार के मंत्री पद पर आसीन हैं। लेकिन वे लोग भी तरौनी को प्रखंड का दर्जा दिलवाने के लिये कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। इसलिए अब नागार्जुन प्रखंड निर्माण संधर्ष समिति ने राज्य सरकार के विरूद्ध चरणबद्ध आंदोलन करने का निर्णय लिया है। प्रखंड निर्माण संधर्ष समिति के उपाध्यक्ष इसरार अहमद खां, सचिव राजू कुमार झा लक्ष्मण, आशुतोष कुमार, अंजीत राम, नथुनी राम, रामभूषण चौधरी, श्यामचंद्र मिश्र सहित दर्जनों कार्यकर्ताओं ने तरौनी को प्रखंड का दर्जा दिलवाने के लिये बेनीपुर से लेकर पटना तक उग्र आंदेालन करने की बात कही। बाद में 13 सूत्री मांगो संबंधित ज्ञापन एस डी ओ अमित कुमार को सौंपा गया।

