
गोली लगने से घायल मधुबनी का युवक डीएमसीएच रेफर। Voice of Darbhanga

दरभंगा: मधुबनी जिले के लौकही थाना क्षेत्र के धोबियाही गांव में रविवार की सुबह आटा चक्की मिल में सो रहे युवक को अपराधियों ने उठाया और गोली मारकर जख्मी कर दिया। गोली अशोक साह(28) के सीने में लगी है। उसे गंभीर हाल में दरभंगा रेफर किया गया है।
घायल युवक के पिता चरित्र साह ने बताया कि उनका बेटा अशोक अपने आटा चक्की की दुकान में सोया था। रविवार सुबह करीब पौने चार बजे तीन अज्ञात अपराधियों ने उसे उठाया। फिर उसे आटा चक्की घर से बाहर ले जाने लगा। इसपर उसने शोर मचाया तो अपराधियों ने अंधाधुंध गोली चला दी। वे खुद आटा चक्की के बगल स्थित एक दुकान में सो रहे थे। आवाज सुनकर वे भी दौड़े, तब तक अपराधी भाग गए थे। सभी अपराधी पैदल ही थे।
शोर सुनकर आस पड़ोस के लोग भी जुटे, लेकिन अपराधियों का पता नहीं चल सका। जख्मी को लौकही स्वास्थ केन्द्र लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे दरभंगा रेफर कर दिया गया।

