
भुगतान में विलंब से आक्रोशित लोगों ने बैंक का कंप्यूटर तोड़ा। Voice of Darbhanga

दरभंगा: भुगतान में विलंब से आक्रोशित लोगों ने सोमवार को पीएनबी की नेहरा शाखा में कंप्यूटर सिस्टम को क्षतिग्रस्त कर दिया। जिस कारण बैंकिंग कारोबार कुछ देर के लिए बाधित रहा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रबंधक ने एसएसपी से विशेष पुलिस की मांग की। एसएसपी के निर्देश पर मनीगाछी थानाध्यक्ष कौशल कुमार व नेहरा ओपी अध्यक्ष रंजन कुमार पुलिस बल के साथ बैंक परिसर पहुंचे। बाद में स्थिति पर काबू पाया गया। सभी लोगों को लाइन में लगाकर कर बैंकिंग कार्य शुरू करवाया गया। बताया जाता है कि एटीएम से रुपये की निकासी नहीं होने के कारण लोगों को भुगतान के लिए काउंटर का सहारा लेना पड़ रहा है। नेहरा,बाजितपुर एवं मनीगाछी को मिलाकर कुल चार एटीएम हैं। सोमवार को भी ये सभी एटीएम बंद रहे। इधर क्षेत्रीय बैंकों में करेंसी के नहीं पहुंचने से लोगों को काफी मुसीबतों का सामना करना पर रहा है।

