
धान खरीद में दरभंगा को शामिल नही करने के खिलाफ नितीश का पुतला दहन। Voice of Darbhanga

दरभंगा: अखिल भारतीय किसान महासभा की दरभंगा जिला कमिटी ने किसानो के सवाल पर केंद्र व राज्य सरकार की उपेक्षा, धान खरीद शुरू करने की जिलों की जारी सूची में दरभंगा जिला को अभी नहीं शामिल किये जाने, धान खरीद में धान का समर्थन मूल्य नहीं बढ़ाने व बोनस 500रू नहीं करने के खिलाफ बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पुतला लहेरियासराय टॉवर पर जलाया गया। विरोध मार्च किसान महासभा के जिला सचिव रोहित कुमार सिंह, विंदेशर यादव,ईश्वर दयाल सिंह, राजू पासवान,रूपेश गिरी आदि के नेतृत्व में पोलो मैदान से कमिशनरी, समाहरणालय होते हुये लहेरियासराय टॉवर पर प्रतिवाद सभा में तबदील हो गया। ईश्वर दयाल सिंह की अध्यक्षता में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए किसान महासभा के जिला सचिव रोहित सिंह ने कहा कि किसानों की दयनीय हालत की चिंता न दिल्ली की सरकार को और न ही पटना की सरकार को। किसानों के उत्पादित धान के लागत के अनुरूप डेढ़ गुणा अधिक समर्थन मूल्य निर्धारित करने से सरकार भाग रही हैं। दरभंगा में आधे से अधिक धान कट करके बिचौलियों के हाथों बिक रहें हैं लेकिन प्रशासन 1 दिसंबर का इंतजार कर रही हैं। पिछले आंदोलन में जब 15 नवम्बर से धान खरीद का आश्वासन दिया गया था तो फिर आज क्यों धान खरीद शुरू नहीं हुआ। सभा को खेग्रामस के प्रदेश उपाध्यक्ष लक्ष्मी पासवान, शत्रुधन सहनी आदि ने सम्बोधित किया।

