Home Featured खराब मौसम के कारण लगातार तीसरे दिन भी रद्द हुई सभी फ्लाइटें।
January 20, 2021

खराब मौसम के कारण लगातार तीसरे दिन भी रद्द हुई सभी फ्लाइटें।

दरभंगा: दरभंगा एयरपोर्ट पर यात्रियों की परेशानी कम होने का नाम नही ले रही। उड़ान सेवा पर बुधवार को तीसरे दिन भी मौसम की मार पड़ी। सुबह से शाम तक घना कुहासा छाए रहने के कारण दिल्ली, मुम्बई, बंगलुरु व अहमदाबाद से आने व दरभंगा से उड़ान भरने वाली सभी उड़ाने को रद्द कर दिया गया। दरभंगा एयरपोर्ट के डायरेक्टर विप्लव मंडल ने खराब मौसम के कारण सभी फ्लाइट को रद्द किये जाने की पुष्टि की। मालूम हो कि दरभंगा एयरपोर्ट पर अब तक आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं होने से खराब मौसम के कारण लगातार उड़ानें को रद्द किया जा रहा है। इस वजह से दरभंगा के अलावा पूर्णिया, अररिया, फारबिसगंज, मधुबनी, समस्तीपुर, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर आदि के यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। फ्लाइट को अचानक रद्द कर दिये जाने की सूचना मिलने के बाद लोगों को अपनी यात्रा रद्द करनी पड़ती है। इससे वे मीटिंग के अलावा कई अन्य आवश्यक कार्यों में शामिल होने से वंचित हो जाते हैं। गौरतलब है कि मकर संक्रांति के दिन से ही हवाई सेवा पर लगातार मौसम की मार पड़ रही है। रविवार को मौसम साफ रहने से दरभंगा एयरपोर्ट से सभी उड़ानें ने उड़ान भरी थी। इसके बाद लोगों को लगने लगा था कि हवाई सेवा अब सामान्य हो जाएगी। लेकिन उसके अगले ही दिन से फिर से कुहासा लगने के कारण विमानन कंपनी ने यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर सभी उड़ानें को रद्द करने का निर्णय लिया। इसके बाद से यह सिलसिला लगातार चल रहा है। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि अगले कुछ दिनों तक पूरा जिला भीषण शीतलहर की चपेट में रहेगा। इस दौरान घना कुहासा भी छाया रहेगा। ऐसे में दरभंगा एयरपोर्ट पर हवाई पर प्रतिकूल असर पड़ना लाजमी है। गौरतलब है कि दरभंगा एयरपोर्ट से दिल्ली, मुम्बई, बंगलुरु व अहमदाबाद के लिए फ्लाइट पकड़ने कई जिलों के लोग यहां पहुंचते हैं।

Share

Check Also

रंजीत यादव बने किरतपुर के नये प्रखंड प्रमुख।

  दरभंगा: जिले के किरतपुर प्रखण्ड में वर्तमान प्रमुख रेखा देवी को हराकर रंजीत यादव नय…