Home Featured मतदान केंद्र बदलने के विरोध में ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन।
February 12, 2021

मतदान केंद्र बदलने के विरोध में ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन।

मनीगाछी: आगामी 15 फरवरी को होने वाले पैक्स चुनाव के लिए भंडारिसम पैक्स में बनाए गए बूथों के स्थल परिवर्तन से आक्रोशित वोटरों ने शुक्रवार को प्रखंड मुख्यालय पर धरना दिया। साथ ही वोट बहिष्कार का भी संकेत दिया है। धरना के उपरांत प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ को एक ज्ञापन सौंपा गया है। जिसमें पूर्व में बनाए गए बूथों को यथास्थिति रखने का आग्रह किया गया है।

ज्ञात हो कि आगामी 15 फरवरी को होने वाले पैक्स चुनाव की प्रक्रिया के तहत भंडारिसम पंचायत पैक्स चुनाव में कुल 2806 वोटरों के लिए भौतिक सत्यापन के बाद मध्य विद्यालय, मकरंदा में बूथ स्थल का निर्धारण कर इसे प्रकाशित किया गया था। वोटरों की संख्या के आधार पर कुल 6 बूथ बनाए गए हैं। मकरंदा, जयनगर, चकवसावन एवं गोपालपुर राजस्व गांवों को मिलाकर बनाई गई, भंडारिसम पंचायत में कुल 16 वार्ड हैं।

गोपालपुर में जनसंख्या के अनुपात में मात्र एक वार्ड हैं, जबकि पंचायत की कुल आधी आबादी के अनुपात में मकरंदा गांव में ही वार्डों की संख्या 8 है। पैक्सों के नए सिरे से किए गए परिसीमन में अब पंचायत स्तरीय पैक्सों का पुनर्गठन किया गया है। भंडारिसम पंचायत के भौगोलिक समीकरण में भी मकरंदा मध्य विद्यालय को उपयुक्त मानकर ही बूथ स्थल का निर्धारण किया गया था। बताया जाता है कि इस बीच गत 4 फरवरी को कुछ वोटरों की आपत्ति पर पुन: बूथ स्थल का परिवर्तन गोपालपुर में किए जाने से आक्रोशित लोगों ने प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ को सहित कई वरीय अधिकारियों को गत 11 फरवरी को ज्ञापन दिया था।

जिसमें मकरंदा में ही बूथ रखने का आग्रह किया था। प्रशासनिक स्तर पर न्याय नहीं मिलने से निराश मतदाताओं ने शुक्रवार को प्रखंड मुख्यालय में एक दिवसीय धरना देकर गोपालपुर में बूथ बनाए रखने की स्थिति में चुनाव बहिष्कार का निर्णय लिया है। धरना में मुरारी मोहन मिश्र, मीरा देवी, विमल देवी, तीरो देवी सहित अन्य महिला पुरुष मतदाता शामिल थीं। इस संबंध में बीडीओ ने बताया कि वस्तुस्थिति से उच्चाधिकारी को अवगत कराया गया है।

Share

Check Also

पांच दिनों तक प्रचंड लू की संभावना, मौसम विभाग ने जारी की एडवाइजरी।

दरभंगा: 20 से 24 अप्रैल तक लोगों को तेज धूप व लू का सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग ने इसको …