Home Featured बढ़ती महंगाई के खिलाफ जन अधिकार पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं ने दिया धरना।
July 3, 2021

बढ़ती महंगाई के खिलाफ जन अधिकार पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं ने दिया धरना।

दरभंगा: बढ़ती महंगाई के खिलाफ व कई अन्य मांगों को लेकर शनिवार को जन अधिकार पार्टी के दरभंगा इकाई की महिला जिलाध्यक्ष भारती सिंह के नेतृत्व में एक दिवसीय धरना दिया गया। यह धरना लहेरियासराय में अवस्थित धरनास्थल पर दिया गया। धरना प्रदर्शन के दौरन महिलाओं की अच्छी-खासी संख्या देखी गई। पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं ने चूल्हा-चक्की इत्यादि के साथ प्रदर्शन कर प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की, और मांग किया कि डीजल, पेट्रोल, गैस सिलेंडर सहित आवश्यक सामानों की बढ़ती कीमत पर रोक लगाकर दाम कम किया जाए।

धरनास्थल पर उपस्थित भारती सिंह ने कहा कि यह धरना महंगाई के खिलाफ दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी सिर्फ अपने मन की बात करते हैं। वे ना तो महिलाओं की, ना तो बेरोजगार युवकों की और ना ही बुजुर्गों के मन की बात सुनते हैं। भारती सिंह ने कहा कि मोदी जब सत्ता में आए थे तो उन्होंने सौ दिनों के अंदर महँगाई को कम करने की बात कही थी। लेकिन वो सौ दिन कबके बीत चुके हैं। उन्होंने कहा कि अगर गरीब व्यक्ति अपनी सारी कमाई गैस सिलेंडर भरवाने में ही खर्च कर देगा तो बाकी तेल, मसाला इत्यादि कहाँ से आएगा? कुछ दिनों तक सिलेंडर भरवाने पर सब्सिडी भी मिलता था अब वह भी बंद है। एक गरीब व्यक्ति दो सौ रुपये सरसो तेल कहाँ से खरीदेगा? भारती सिंह ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि वह महंगाई कम करे अन्यथा धरना के बाद ये लोग अनशन पर बैठेंगे। अगर भूखे ही मरना है तो अनशन करके ही क्यों ना मरें?

राम मंदिर के बारे में बोलते हुए भारती सिंह ने कहा कि उन्हें राम मंदिर के बनने से कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन आज सीता कहाँ सुरक्षित है? महिलाओं के सुरक्षा के लिए कोई व्यवस्था ही नहीं है। वहीं स्वास्थ्य पर बोलते हुए भारती सिंह ने कहा कि बिहार का एक बड़ा सरकारी अस्पताल डीएमसीएच में पानी भरा हुआ है। उसमें सुवर घूमते हैं। उन्होंने कहा कि अगर बिहार का स्वास्थ्य व्यवस्था सचमुच सही है तो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी आंखों के इलाज के लिए दिल्ली क्यों गए? नीतीश कुमार को वैसी व्यवस्था बिहार में ही कर देना चाहिए था ताकि उनके आंखों का इलाज यहाँ हो जाता! भारती सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार मुख्यमंत्री थे तो वे दिल्ली चले गए। लेकिन जो यहां के गरीब लोग हैं वे अपना इलाज कहाँ कराएंगे? इसके बाद भारती सिंह ने शिक्षा पर बोलते हुए कहा कि पढ़ाई लिखाई पूरी तरह से ठप हो गया है। सरकार कहती है कि ऑनलाइन पढ़ाई कीजिये। लेकिन पढ़ाई तो तब होगी जब मोबाइल रिचार्ज होंगे। एक गरीब व्यक्ति छह सौ से सात सौ रुपये मोबाइल रिचार्ज के लिए कहाँ से लाएगा?

घरना प्रदर्शन के दौरान भारती सिंह ने चूड़ी दिखाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को ये लोग चूड़ी भेजेंगे और कहेंगे कि यदि उनसे देश नहीं संभल रहा हो तो महिलाओं को सौंप दे। ये लोग उनसे बेहतर देश संभाल लेंगी।

Share

Check Also

पांच दिनों तक प्रचंड लू की संभावना, मौसम विभाग ने जारी की एडवाइजरी।

दरभंगा: 20 से 24 अप्रैल तक लोगों को तेज धूप व लू का सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग ने इसको …