Home Featured बाढ़ की राजधानी कुशेश्वरस्थान में पीएचसी की अनोखी पहल, मोटरबोट को बनाया एम्बुलेंस।
July 28, 2021

बाढ़ की राजधानी कुशेश्वरस्थान में पीएचसी की अनोखी पहल, मोटरबोट को बनाया एम्बुलेंस।

दरभंगा: जिले का कुशेश्वरस्थान क्षेत्र कोसी, कमला, करेह सहित अधवारा समूह की नदियों की मिलन स्थली होने के कारण बाढ़ की राजधानी के रूप में चर्चित है। यहां साल में छह महीने बाढ़ का नजारा बना रहता है। इनदिनों तो नजर की सीमा तक चारों ओर पानी ही पानी दिखता है। बीच-बीच में गांव-टोले देख तय कर पाना मुश्किल होता है कि पानी के बीच बस्ती बसा दी गयी है या बस्ती में पानी प्रवेश कर गया है।

यहां गांव के एक टोला से दूसरे टोले तक जाने के लिए भी लोगों का प्रमुख साधन नाव है। मरीजों के अस्पताल जाने का सहारा भी चारपाई और नाव ही होता है।क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति एवं परिस्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने नाव को एम्बुलेंस बना रखा है. पीएचसी प्रशासन नाव को एम्बुलेंस की सारी सुविधा से लैश कर क्षेत्रवासियों को स्वास्थ्य सेवा दे रहा है। नाव के ऊपर कपड़ों आदि से कक्ष की शक्ल दी गयी है, जिसमें उपचार की सुविधा है। इस पर चिकित्सक के साथ अन्य स्वास्थ्यकर्मी तैनात रहते हैं। गांव-गांव जाकर रोगी का उपचार करते हैं। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के ओपीडी में मिलनेवाली प्राय: सभी सुविधा इसमें उपलब्ध है।

मोटर चालित इस नाव एम्बुलेंस में चार सदस्यीय टीम की तैनाती रहती है, जिसमें डॉक्टर, एएनएम व पारा मेडिकल टीम के सदस्य मुस्तैद रहते हैं. सर्दी, खांसी, बुखार सहित डायरिया आदि की दवा उपलब्ध रहती है। गंभीर मरीजों के लिए स्लाइन की भी सुविधा है।

स्वास्थ प्रबंधक विनोद कुमार बताते हैं कि सीरियस पेसेंट को इसी एम्बुलेंस के सहारे पीएचसी तक लाया जाता है।

यह नाव एम्बुलेंस कोरोना से जंग में भी सहारा बना है। इस एम्बुलेंस से कोविड-19 से बचाव के लिए कर्मी गांव-गांव पहुंचते हैं और लोगों को टीका लगाते हैं। चिकित्सा पदधिकारी डॉ भगवान दास बताते हैं कि मोटर बोट एंबुलेंस से प्रखंड के सभी दस पंचायत के गांव में शिविर लगाकर टीकाकरण तथा कोविड-19 का टेस्ट किया जा रहा है।

अब तक 18 हजार 110 लोगों को टीका दिया जा चुका है। 65 हजार लोगों का अब तक कोविड टेस्ट किया गया है। प्रखंड के 10 पंचायत के 36 राजस्व गांव में 70 गांव तथा 134 वार्ड बाढ़ प्रभावित हैं। आबादी लगभग एक लाख 42 हजार है। इसमें 18 वर्ष से अधिक आयुवर्ग के लोगों की संख्या 80 हजार के करीब है।

Share

Check Also

रंजीत यादव बने किरतपुर के नये प्रखंड प्रमुख।

  दरभंगा: जिले के किरतपुर प्रखण्ड में वर्तमान प्रमुख रेखा देवी को हराकर रंजीत यादव नय…