Home Featured विश्राम गृह तोड़े जाने से कुलियों ने किया आक्रोश व्यक्त।
August 2, 2022

विश्राम गृह तोड़े जाने से कुलियों ने किया आक्रोश व्यक्त।

दरभंगा: दरभंगा जंक्शन पर पुराने पार्सल घर के पीछे बने कुली विश्राम गृह को तोड़े जाने से कुलियों में आक्रोश है। मंगलवार को कुलियों ने विश्रामालय तोड़े जाने का विरोध किया। लेकिन कार्य करवा रहे अधिकारियों ने ऊपर से आदेश होने की बात कह उनकी एक न सुनी।

इसके बाद कुलियों का जत्था वाणिज्य अधीक्षक के पास पहुंचा और उन्हें अपनी समस्याओं से अवगत कराया। इसके बाद वाणिज्य अधीक्षक ने अधिकारियों से वार्ता कर फिलहाल दो-तीन दिनों के लिए तोड़फोड़ कार्य को रुकवाया। बता दें कि दरभंगा जंक्शन पर यात्रियों का सामान ढोने के लिए 41 कुली पंजीकृत हैं। ये सभी दिन व रात की शिफ्ट में काम करते हैं। कुलियों के लिए रेलवे स्टेशन पर पुराने पार्सल घर के पीछे विश्राम गृह बना हुआ है। जंक्शन को सुंदर व आधुनिक बनाने के लिए कुली विश्रामगृह को तोड़ा जा रहा है। पिछले कई वर्षों से स्टेशन पर कुली का काम कर रहे रंजीत पासवान, प्रगास पासवान, संजय पासवान, पप्पू पासवान व अनिल पासवान का कहना है कि उसके पिता भी स्टेशन पर कुली का काम करते थे। स्टेशन पर कार्य करने वाले कुली भी रेलवे का एक महत्वपूर्ण हिस्सा होते हैं। रेलवे एक ओर जहां स्टेशन को आधुनिक व विकसित करने की बात कर रही है वहीं दूसरी ओर उसे कुलियों की तनिक भी फिक्र नहीं है।

Advertisement

उन्होंने कहा कि रेलवे हमारे लिए अलग से विश्रामालय बनाये ताकि हम लोग भी स्टेशन पर रहकर यात्रियों की सेवा कर सकें। यदि रेलवे हमारी मांगों पर विचार नहीं करेगी तो हम लोग विभाग के विरुद्ध प्रदर्शन भी करेंगे। इस मामले में हालांकि स्थानीय किसी भी अधिकारी ने कुछ भी बताने से मना कर दिया। सूत्रों के मुताबिक नए पार्सल भवन में ही कुलियों के लिए विश्रामालय बनने थे। लेकिन पूर्व में जो डीआरएम थे उनका तबादला हो जाने की वजह से कुलियों के विश्रामालय की बात दब गई।

Share

Check Also

कैदी भान की ठोकर से युवक की मौत के बाद आक्रोशित लोगों ने जमकर काटा बवाल, पुलिस पर पथराव।

देखिए वीडियो भी   दरभंगा: जिले के बिरौल थाना क्षेत्र में कैदी वैन से टक्कर में बाइक सवार य…