Home Featured अम्माडीह में रिश्ते भी हुए तार तार, पुलिस की तैनाती के बाद भी नही बदल रहे हालात।
September 7, 2022

अम्माडीह में रिश्ते भी हुए तार तार, पुलिस की तैनाती के बाद भी नही बदल रहे हालात।

देखिए वीडियो भी।

देखिए वीडियो भी 👆

दरभंगा: इन दिनों बहादुरपुर थाना क्षेत्र का अम्माडीह गांव बदले की आग में जल रहा है। हर तरफ पुलिस के जवान तैनात हैं। गांव के अंदर एक अजीब सा सन्नाटा पसरा हुआ है। सड़के वीरान पड़ी है। कोई किसी से सीधी मुंह बात नही कर रहा है। कहीं कहीं किसी आंगन से अचानक महिलाओं की केवल चीत्कार सुनाई देती है। तो कही भूख से बिलख रहे बच्चे की करुण पुकार आवाज दे रही है।

कहें तो किसी फिल्म की घटना जमीन पर हूबहु उतारा जा रहा है। फिल्म तैयार होने से पूर्व पटकथा लिखी जाती है, लाइट कैमरा एक्शन होता है लेकिन अम्माडीह में डायरेक्ट एक्शन हो रहा है।

घटना के बाद पुलिस पहुंची लेकिन हर तरफ महिलाएं दिखाई देती है। कई लोग गांव छोड़कर भाग चुके है तो कईयों ने गांव से दूर बांध पर शरण ले रखा है।

हालात यह है कि पुलिस की डर से गोली लगने के बाद भी लोग छुप छुप कर अपना इलाज करवा रहे है।

उधर, भूख से बिलख रहे बच्चे को सहारा देने वाला कोई नहीं है। घटना में घायल राजेश के माता-पिता एवं पत्नी राजेश के इलाज में बौख रहे हैं। इधर राजेश के तीन छोटे-छोटे पुत्र गत दो दिनों से भूख से अपने घर में बिलख रहे हैं। आलम यह है कि भूख से बिलख रहे बच्चे से उसकी सगी मौसी ने भी मुंह फेर लिया है।

बदले की आंच ने इस तरह से चिंगारी सुलगाई है कि यह अब भीषण आग का रूप ले चुकी है। बदले की आग अब रिश्ते को भस्म किए जा रहा है।

वर्चस्व की लड़ाई ने सारे रिश्ते को तार तार कर दिए है कहीं भाई ने भाई को काट डाला तो साढ़ू ने दूसरे साढ़ू को गोली मरवा दी।

यहां तक कि महिलाओं को भी नही छोड़ा गया है। कारी सहनी, बौआ सहनी एवं मिथलेश सहनी ने मिलकर रमेश सहनी एवं उसकी पत्नी आशा देवी को धार दार हथियार से हमला कर काट डाला तो रमेश के दो नाबालिग पुत्र ब्रह्मदेव एवं श्रमदेव सहनी को रॉड से पीट पीट कर अधमरा कर दिया। बता दें कि रमेश सहनी, कारी सहनी एवं बउआ सहनी तीनों सहोदर भाई है।

सुबह में हुई गोलीबारी की घटना के समय राजेश सहनी सड़क से गुजर रहा था। इसी दौरान लल्ली सहनी ने एक अन्य हमलावर को इसे भी गोली मारने का आदेश दिया और हमलावर ने उसके पेट में गोली मार दी। यह आरोप राजेश के पिता ने लगाया है।

राजेश पटना एम्स में मौत से जूझ रहा है। उसका सोमवार को ऑपरेशन हुआ था। मंगलवार को उसे होश आया गया है।

मारपीट और गोलीबारी के बाद हमलावरों ने अब लूटपाट मचा दी है। दबंग पक्ष अपने को विजेता मानते हुए पिकनिक मना रहा है तो पीड़ित पक्ष गमगीन और मायूस हैं। हालांकि गांव में सशस्त्र पुलिस बल कैम्प किये हुए है।

यह बल गांव के उत्तर स्थित स्कूल में ठहरा हुआ है। पीड़ित पक्षों के अधिक घर दक्षिण टोला में है। ताजा घटनाक्रम में हमलावरों ने मंगलवार को पीड़ित पक्ष के छोटे सहनी का लगभग 25 किलो का खस्सी उठाकर ले गए।

इधर, मारपीट में घायल हुए रमेश सहनी ने कहा कि उसके पास तीन-तीन किलो के पांच चाइनीज मुर्गे थे। उन्हें वे लोग जबरब उठाकर ले गए। हमलावरों ने उसे धमकी भी दी है कि रात तक मेरी शरण में आ जाओ नहीं तो तुम्हारा घर ढाह देंगे। बौका सहनी ने भी गांव से बाहर नदी पार चतरा बांध पर शरण ले रखा है। बौका ने कहा कि दबंग उसका भी ढेर सारा मुर्गा ले गए। गांव में रह रही धनपत सहनी की पत्नी ने कहा कि उसके घर से हमलावरों ने गैस सिलेंडर, बर्तन और लगभग डेढ़ सौ किलो मछली का जाल ले गए। वहीं, इंदल सहनी ने कहा कि हमलावरों ने उसके घर के एस्बेस्टस फोड़ दिए। हमलावरों के एक ग्रुप ने मंगलवार को फिर ढबहू साहनी के पुत्र राजू की पिटाई कर दी।

पीड़ितों का कहना है कि उनके फोन करने पर पुलिस के उच्चाधिकारी फोन भी रिसीव नहीं करते हैं।

कहा जाता है कि जहां शिक्षा होता है, वहां इंसान हर रूप से शिक्षित होता है। लेकिन अम्माडीह गांव आज भी शिक्षा से कोसो दूर है। मुश्किल से दो तीन महिलाएं मैट्रिक पास पूरे गांव में है। गांव में विद्यालय है, पर वहां भी दबंगो का कब्जा है। शिक्षक आते हैं तो उनसे रंगदारी मांगी जाती है। इससे परेशान होकर शिक्षक को मजबूरी में विद्यालय छोड़ना पड़ता है। साथ ही साथ जिला मुख्यालय से सटे होने के बाबजूद यह क्षेत्र आज भी विकास से कोसो दूर है। कुल मिलाकर कहा जाय तो अम्माडीह के खूनी संघर्ष को समाप्त करने का रास्ता शिक्षा एवं क्षेत्र का विकास ही हो सकता है। आज जरूरत है कानून व्यवस्था को सही कर यहां के लोगों को जागरूक किया जाए तथा शिक्षा का प्रकाश फैला कर लोगो को शिक्षित एवं सभ्य बनाया जाय। साथ ही क्षेत्र में सड़क एवं पुल पुलिया का निर्माण कर इसे भी विकास की मुख्य धारा में जोड़ा जाय। तभी शायद यहां की स्थिति सुधरेगी।

Share

Check Also

कैदी भान की ठोकर से युवक की मौत के बाद आक्रोशित लोगों ने जमकर काटा बवाल, पुलिस पर पथराव।

देखिए वीडियो भी   दरभंगा: जिले के बिरौल थाना क्षेत्र में कैदी वैन से टक्कर में बाइक सवार य…