Home Featured मंत्री ने मखाना अनुसंधान केंद्र का किया भ्रमण।
September 16, 2022

मंत्री ने मखाना अनुसंधान केंद्र का किया भ्रमण।

दरभंगा: कृषि मंत्री सुधाकर सिंह ने शुक्रवार को मखाना अनुसंधान केंद्र में जाकर मखाना की खेती का नरीक्षण किया। इसके बाद वे मखाना अनुसंधान केंद्र के ऊपरी तल के सामुदायिक कक्ष में गए। वहां डॉ. इंदु शेखर सिंह ने पावर प्वाइंट प्रस्तुतिकरण से मखाना के संबंध में विभिन्न जानकारी दी। इसके बाद मंत्री ने कहा कि मखाना की खेती को वेटलैंड व चौर में फैलाया जाए, ताकि किसानों को अतिरिक्त लाभ मिले। इसके लिए उन्होंने किसानों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन खेतों में धान की अच्छी फसल होती है, वहां मखाना की खेती करने के बजाय उन खेतों में जहां धान की अच्छी खेती नहीं होती है वहां पानी की व्यवस्था कर मखाना की खेती कराई जाए।

Advertisement

इस अवसर पर डीएओ संजय कुमार सिंह, संयुक्त निदेशक शस्य, वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. मनोज कुमार के अलावा वैज्ञानिक डॉ. बीआर जाना, तकनीकी अधिकारी अशोक कुमार, धीरज प्रकाश और आलोक कुमार थे। बिहार को घोषित किया जा सकता है सूखाग्रस्त क्षेत्र : जिले के प्रभारी मंत्री सह कृषि मंत्री सुधाकर सिंह ने कहा कि बिहार को सूखाग्रस्त क्षेत्र घोषित किया जा सकता है। वे शुक्रवार को दरभंगा हवाई अड्डे के सामने बनी अस्थाई पार्किंग का उद्घाटन करने के बाद जनप्रतिनिधियों व आम लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सूबे में खाद की भारी समस्या थी। वर्तमान में इसकी उपलब्धता बढ़ी है। उन्होंने कहा कि खाद की समस्या एक महीने में पूरी तरह ठीक हो जाएगी। कृषि विभाग एक एप डेवलप कर रहा है। इसके माध्यम से किस दुकान में खाद उपलब्ध है, यह लोगों को अपने मोबाइल पर ही पता चल जाएगा। उस दुकान से किसान आसानी से खाद ले सकते हैं।

कृषि मंत्री ने कहा कि दरभंगा से पूर्णिया तक मखाना और मक्का की खेती से किसानों के विकास की संभावना है। एयरपोर्ट बन जाने से किसानों को बाजार तक सामान पहुंचाने में सहायता मिली है। बाजार उपलब्ध कराने में रेल भी महत्वपूर्ण अंग है। रेल सुविधा के लिए सरकार पैसा निवेश कर रही है। बाजार मिलने से किसानों को उत्पाद का सही दाम मिलेगा और आमदनी बढ़ेगी। मंत्री ने कहा कि सरकार ने उनकी कर्मस्थली दरभंगा को बनाया है। यहां बदलाव दिखनी चाहिए। लोगों को कोई समस्या हो तो वे पटना आकर भी हमसे मिलें, उनकी समस्या दूर होगी। इस मौके पर डीडीसी अमृता बैंस, सदर प्रखंड प्रमुख शंभू कुमार साहू, जिला पार्षद विभा देवी, उपप्रमुख राकेश रोशन, पंसस आशा देवी, बलदेव राम, सुनील शाह आदि उपस्थित थे।

Share

Check Also

नाबालिग के साथ यौन उत्पीड़न मामले में अदालत ने दिया दोषी करार।

दरभंगा: दरभंगा जिला के पॉक्सो एक्ट के विशेष न्यायाधीश प्रतिमा परिहार की अदालत ने अनुसूचित …