Home Featured दरभंगा नगर निगम कार्यालय प्रांगण में मेयर ने किया आरटीपीएस काउंटर का उद्घाटन।
February 20, 2023

दरभंगा नगर निगम कार्यालय प्रांगण में मेयर ने किया आरटीपीएस काउंटर का उद्घाटन।

दरभंगा: नगर निगम कार्यालय प्रांगण में अब लोग विभिन्न प्रमाणपत्र बनवा सकेंगे। लोगों के लंबे इंतजार को खत्म करते हुए महापौर अंजुम आरा ने सोमवार को नगर निगम कार्यालय प्रांगण में आरटीपीएस काउंटर का उद्घाटन किया। अब यहां लोग जाति, आवासीय, आय, चरित्र प्रमाणपत्र आदि बनवा सकेंगे। लोगों को इसके लिए प्रखंड कार्यालय नहीं जाना होगा।

Advertisement

बता दें कि नगर निगम कार्यालय प्रांगण में 15 जुलाई 2022 तक काउंटर को शुरू कर देना था लेकिन चुनाव व अन्य कारणों से यह चालू नहीं हो सका। अगस्त के पहले सप्ताह में लोक सेवाओं का अधिकार अधिनियम के तहत आरटीपीएस काउंटर शुरू करने की सभी तैयारी पूरी कर ली गई थी। इसके लिए दो काउंटर भी बनाये गये। दो कंप्यूटर भी लगाये गये थे। सुविधा के लिए काउंटर के बाहर लोक सेवाओं का अधिकार अधिनियम अंकित कर दिया गया। लेकिन विभिन्न कारणों से इसे शुरू नहीं किया जा सका।

Advertisement

बता दें कि इससे पहले कांउटर शुरू करने के लिए स्थायी समिति के सदस्य सह पार्षद नफीसुल हक रिंकू ने प्रश्न उठाया था। इसके बाद नगर आयुक्त कुमार गौरव ने इसे शुरू करने के लिए 20 फरवरी की तिथि निर्धारित की थी। महापौर अंजुम आरा ने कहा कि स्थाई समिति की पहली बैठक में आरटीपीएस काउंटर खोलने पर चर्चा की गई थी। इस काउंटर के खुलने से नगर निगम क्षेत्र के नागरिकों को प्रखंड कार्यालय जाने से निजात मिलेगी। उन्होंने कहा कि यहां आरटीपीएस के दो काउंटर कार्यरत हो गए हैं। इसके लिए दो कर्मियों को लगाया गया है। सोमवार को आरटीपीएस काउंटर खुलने के पहले दिन एक भी नागरिक आवेदन के लिए नहीं पहुंचे।

उधर, नगर प्रबंधक अजहर हुसैन ने बताया कि महापौर ने काउंटर का उद्घाटन किया है। पहले दिन एक भी नागरिक आवेदन के लिए नहीं पहुंचे। जानकारी होने पर शहर के नागरिक आसानी से अपनी आवश्यकता अनुसार यहां आवेदन कर पाएंगे। उधर, नगर विधायक संजय सरवागी ने कहा कि हमने एक मार्च 2022 को विधानसभा में लोक सेवा कानून के तहत नगर निगम कार्यालय परिसर में आरटीपीएस काउंटर खोलने की मांग की थी ताकि शहरी क्षेत्र के लोगों को आरटीपीएस सुविधा के लिए प्रखंड कार्यालय नहीं जाना पड़े। तत्कालीन उपमुख्यमंत्री सह नगर विकास व आवास मंत्री तारकिशोर प्रसाद ने सभी नगर निगम में आरटीपीएस काउंटर खोलने की घोषणा की थी।

Share

Check Also

शॉर्ट सर्किट से लगी आग में, आधा दर्जन से अधिक घर जलकर राख।

दरभंगा: मंगलवार का दिन जिले के पतोर थाना क्षेत्र के खैरा गांव के लिए अमंगल साबित हुआ। यहां…