नगर विकास मंत्री ने दरभंगा को दी करोड़ो के योजनाओं की सौगात।
दरभंगा: बिहार के नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री नितिन नवीन शनिवार को दरभंगा पहुंचे। उन्होंने दरभंगा केलिए करोड़ों की योजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और कार्यारंभ किया। साथ ही सभी कार्यों को समय से पूर्ण करने का आश्वासन भी दिया। इसी क्रम में मंत्री दरभंगा नगर निगम पहुंचे। वहां उन्होंने करोड़ों की राशि की कई योजनाओं का शिलान्यास रिमोट से किया। इनमें शहर के नागरिकों को जलजमाव व शहर को जाम से मुक्ति दिलाने वाली भी कई योजनाएं हैं।

इसके आलावा तालाबों के सौंदर्यकरण सहित तालाबों को अतिक्रमणमुक्त करने का आश्वासन मंत्री नितिन नवीन ने दरभंगावासियों को दिया। उन्होंने कहा कि दरभंगा के सभी तालाबों को न सिर्फ अतिक्रमणमुक्त कराया जायेगा बल्कि मृत तालाबों का संरक्षण और सौंदर्यीकरण भी किया जायेगा। उसके बाद मंत्री ने नगर निगम सभागार में पार्षदों के साथ बैठक कर संवाद किया और उनकी समस्याओं को सुनकर सभी समस्याओं के समाधान का आश्वाशन दिया। मंत्री ने कहा कि दरभंगा में स्वच्छता का बहुत काम किया गया है। इस पर और काम करने की जरूरत है। उम्मीद करता हूं कि आने वाले समय में दरभंगा को देशभर में स्वच्छता में अच्छा स्थान मिलेगा।

उन्होंने कहा कि आज विभिन्न योजनाओं की शुरुआत कर रहे हैं। इनमें दरभंगा शहर में 270 करोड़ की राशि से स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज सिस्टम का काम शुरू किया गया है। इससे दरभंगा शहर को जलजमाव की समस्या से राहत मिलेगी। साथ ही शहर में जो जाम की समस्या होती थी उसके लिए भी कार्ययोजन शुरू की गयी है। इसके आलावा शहर को विस्तारित करने के लिए भी योजना पर काम किया जा रहा है।

मंत्री ने कहा कि जो तालाब यहां हैं वे हमारी संस्कृति की धरोहर हैं। मुख्यमंत्री जी भी यहां आये थे। उन्होंने तीन तालाबों के लिए तकरीबन 75 करोड़ की राशि दी है, लेकिन यह काफी नहीं है। दरभंगा के सभी तालाबों को अतिक्रमणमुक्त किया जायेगा। मृत तालाबों को पुनर्जीवित किया जायेगा। साथ ही सभी तालाबों को संरक्षित कर उसके सौंदर्यीकरण का भी काम किया जाएगा।

कार्यक्रम में नगर विधायक संजय सरावगी, सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर, महापौर अंजुम आरा व उपमहापौर नाजिया हसन के साथ कई पार्षद तथा नगर निगम के अधिकारी व कर्मी मौजूद थे।
गुम हुए मोबाइल ऑपरेशन मुस्कान के तहत दस दिनों के अंदर बरामद।
दरभंगा: लहेरियासराय थाना की पुलिस ने गुम हुए मोबाइल को 10 दिन में ऑपरेशन मुस्कान के तहत बर…