एक तरफ उठी बहन की डोली तो दूसरी तरफ भाई की अर्थी, हर किसी की आंखें हुई नम।
दरभंगा: हायाघाट प्रखंड के मझौलिया गांव में दुल्हन की विदाई से कुछ मिनट पहले भाई की हार्ट अटैक से मौत हो गई। शुक्रवार को मितो मंडल की बेटी की शादी थी। शनिवार की सुबह दुल्हन की विदाई की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान चुनचुन मंडल (31) बेहोश होकर गिर गया। परिजन आनन-फानन में अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने चुनचुन को मृत घोषित कर दिया।

बताया जा रहा है कि दुल्हन पांच भाइयों में इकलौती बहन थी। चुनचुन मंडल की 2021 में शादी हुई थी और तीन महीने की बेटी है। दुल्हन के ममेरे भाई रंजीत कुमार मंडल ने बताया कि ‘मीन्नू की शादी रजवाड़ा गांव के रहने वाले मणिकांत से तय हुई थी। तय तारीख के मुताबिक शुक्रवार की देर शाम बारात आई। बारात के स्वागत में हम सभी भाई लगे थे।’

‘बारात के स्वागत के बाद शादी की रस्में निभाई जाने लगीं। देर रात शादी गई। जब मिन्नू की विदाई की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान चुनचुन के सीने में दर्द हुआ और वो जमीन पर गिर गया। शादी में जुटे लोगों ने उसे देखा तो वो बेहोश था। इसके बाद तत्काल चुनचुन को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।’

ग्रामीणों ने बताया कि डॉक्टरों की ओर से चुनचुन को मृत घोषित किए जाने की जानकारी परिजन को दी गई। इसके बाद भारी मन से पहले दुल्हन की विदाई की गई। फिर पोस्टमॉर्टम के बाद सुबह 11 बजे के बाद शव घर पहुंचा। चुनचुन के शव पहुंचते ही लोग जोर-जोर से रोने लगे। जिन महिलाओं ने मिन्नू की विदाई की थी, उन्हीं महिलाओं ने चुनचुन की पत्नी का सिंदूर धोया और फिर चुनचुन के शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया।

चुनचुन मंडल दिल्ली में रहकर मार्केटिंग का काम करता था। बहन की शादी के लिए वो अपनी पत्नी और तीन महीने की बेटी के साथ दरभंगा आया था। चुनचुन के तीन अन्य भाई गुजरात में और सबसे छोटा भाई बेंगलुरु में प्राइवेट जॉब करता है। चुनचुन के पिता मितो मंडल गांव में ही किराने की दुकान चलाते हैं।
गुम हुए मोबाइल ऑपरेशन मुस्कान के तहत दस दिनों के अंदर बरामद।
दरभंगा: लहेरियासराय थाना की पुलिस ने गुम हुए मोबाइल को 10 दिन में ऑपरेशन मुस्कान के तहत बर…