
धान अधिप्राप्ति को लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक।
दरभंगा: खरीद-विपणन मौसम वर्ष 2025-26 के दौरान जिले में धान अधिप्राप्ति की प्रगति की समीक्षा के लिए जिला पदाधिकारी कौशल कुमार ने मंगलवार को अपने कार्यालय कक्ष में बैठक बुलाई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। जिला सहकारिता पदाधिकारी, सभी प्रखंडों के सहकारिता प्रसार पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी इस बैठक में मौजूद रहे।

बैठक में प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले के कुल 330 पैक्स और व्यापार मंडलों में से 95 का चयन धान अधिप्राप्ति के लिए किया गया है। इनमें से 45 पैक्स व व्यापार मंडल वर्तमान में सक्रिय हैं। अब तक किसानों से 927.771 मीट्रिक टन धान की खरीद पूरी हो चुकी है, जबकि 58 किसानों को करीब 1.10 करोड़ रुपये (1,10,24,250.03 रुपये) का भुगतान कर दिया गया है।
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा कि शेष किसानों का भुगतान 48 घंटे के भीतर हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने धान अधिप्राप्ति अभियान को तेज करने और सभी समितियों की सक्रियता बढ़ाने का आदेश दिया। जिला सहकारिता पदाधिकारी ने बताया कि पिछले वर्ष 2024-25 की धान अधिप्राप्ति से जुड़े सीएमआर भुगतान में एसएफसी की ओर से देरी के कारण कई पैक्स डिफॉल्टर की श्रेणी में पहुंच गए हैं। इस पर डीएम ने एसएफसी के जिला प्रबंधक को तत्काल बकाया भुगतान निपटाने का निर्देश दिया।


