
ऐतिहासिक रेल सौगात: लहेरियासराय-सहरसा लाइन पर मुहर, 2376 करोड़ की परियोजना।
दरभंगा: भाजपा सांसद डॉ. गोपालजी ठाकुर ने कहा कि मोदी सरकार मिथिला, खासकर दरभंगा को जल्द ही ऐतिहासिक रेल सौगात देने जा रही है। रेल मंत्रालय ने लहेरियासराय से सहरसा तक लगभग 95 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन की सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं। आधिकारिक घोषणा शीघ्र ही होने वाली है।

रेलवे स्टैंडिंग कमिटी के सदस्य डॉ. ठाकुर ने बताया कि इस 2376 करोड़ रुपये की परियोजना में कोशी नदी पर हाई-लेवल पुल सहित 14 बड़े पुल, 41 छोटे पुल, 72 अंडरपास और 10 स्टेशन बनाए जाएंगे। कुल लंबाई में 70 किलोमीटर हिस्सा दरभंगा संसदीय क्षेत्र का होगा, जबकि 25 किलोमीटर सुपौल व मधेपुरा क्षेत्र में आएगा। इससे दरभंगा के कोशी क्षेत्र को नया रेल मार्ग मिलेगा।

सांसद ने इस नई रेल लाइन की महत्ता पर जोर देते हुए कहा कि यह दरभंगा, बहादुरपुर, हायाघाट, बेनीपुर, अलीनगर, गौराबौराम व कुशेश्वरस्थान विधानसभा क्षेत्रों के लिए वरदान सिद्ध होगी। सुदूर ग्रामीण इलाकों के लोगों को प्रशासनिक, न्यायिक, शैक्षणिक व स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दरभंगा आने-जाने में समय व संसाधनों की बचत होगी। डॉ. ठाकुर ने इसे अपना ‘ड्रीम प्रोजेक्ट’ बताते हुए कहा कि इसके दूरगामी लाभ भविष्य में साकार होंगे।

