
तेज रफ्तार स्कॉर्पियो डिवाइडर से टकराई, 3 की मौत।
दरभंगा: जिले में रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। सदर थाना क्षेत्र के दरभंगा-मुजफ्फरपुर हाईवे पर एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित हो गई और सड़क के बीचो-बीच लगे डिवाइडर से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही तीन लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज दरभंगा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (DMCH) और दिल्ली मोड़ के पास एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और घना कोहरा मुख्य कारण बताया जा रहा है। बिहार में ठंड के कारण कोहरे का असर सड़कों पर बढ़ गया है, जिससे विजिबिलिटी कम हो गई थी।

मृतक पटना से इलाज कराकर मधेपुरा लौट रहे थे। मरने वालों में एक व्यक्ति के मामा, मौसा और कार चालक शामिल हैं। एक यात्री (गुड्डू) पूरी तरह सुरक्षित है, लेकिन उसकी मां का पैर टूट गया है। दो घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है।

पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए DMCH भेज दिया है और हादसे की गहन जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है, खासकर कोहरे के मौसम में।

