
5 किलो गांजा के साथ कारोबारी गिरफ्तार।
दरभंगा: सोनकी पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर वाहन जांच के दौरान भारी मात्रा में गांजा लादे एक कारोबारी को गिरफ्तार किया है। प्रभारी थानाध्यक्ष रतन कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि एक बाइक सवार युवक गांजा लेकर जा रहा है। बिना विलंब किए सदर अंचलाधिकारी के साथ बंगलिया रोड पर वाहन जांच अभियान शुरू किया गया। इस दौरान मनीगाछी थाना क्षेत्र के पैठान कवई निवासी मो. शरीफ हुसैन के पुत्र मो. हुसैन की बाइक रोकी गई। जांच में उसके बोरे से 5 किलो 200 ग्राम गांजा बरामद हुआ। आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में मो. हुसैन ने कबूला कि कमतौल से एक व्यक्ति ने उसे गांजा उपलब्ध कराया था। वह इसे दुकानदारों को बेचने जा रहा था। उसने बताया कि पिछले तीन माह से यह अवैध कारोबार चला रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, वह एक-दो वर्षों से इस क्षेत्र में गांजा की आपूर्ति करता रहा है। प्रभारी थानाध्यक्ष ने कहा कि कमतौल के संदिग्ध कारोबारी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। अनुमान है कि गांजा नेपाल से मंगवाकर जिले में सप्लाई किया जा रहा है। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।


