
एयरपोर्ट के मुख्य द्वारा के सामने दो ट्रकों के बीच भीषण टक्कर।
दरभंगा: दरभंगा-केवटी-जयनगर एनएच-527 पर दरभंगा एयरपोर्ट के मुख्य द्वार के सामने बुधवार को दो ट्रकों के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसा इतना जोरदार था कि एक ट्रक के परखच्चे उड़ गए, लेकिन चालक व खलासी बाल-बाल बच गए।

टक्कर मारने वाला खाली ट्रक मौके से फरार हो गया।प्रत्यक्षदर्शियों ने जोरदार आवाज सुनकर मौके पर पहुंचकर केबिन की जांच की। बालू लदा दुर्घटनाग्रस्त ट्रक क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन कोई फंसा नहीं मिला। एयरपोर्ट गेट के सामने हादसे से कुछ देर जाम लग गया।चालक ने बताया कि वह अरवल से बालू लादकर जयनगर जा रहा था।

सामने से आ रहे खाली ट्रक से सीधी भिड़ंत हो गई, जिसमें उसकी गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। चालक-खलासी ने कूदकर जान बचाई और गाड़ी मालिक को सूचना दे दी। यह सड़क नेपाल सीमा से जुड़ती है।सूचना पर सदर थाना पुलिस पहुंची और क्रेन से ट्रक हटाकर यातायात सामान्य किया। थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि कोई हताहत नहीं हुआ। फरार ट्रक की तलाश और जांच जारी है।


