Home Featured मानवाधिकार संगठन सदस्य की गोली मार कर हत्या, थाना से 500 मीटर की दूरी पर हुई वारदात।

मानवाधिकार संगठन सदस्य की गोली मार कर हत्या, थाना से 500 मीटर की दूरी पर हुई वारदात।

दरभंगा:  कमतौल थाना क्षेत्र के कोटपट्टी मोहल्ले में रविवार शाम करीब सात बजे अज्ञात बदमाशों ने हरिशंकर शर्मा उर्फ बिजली (55) को उनके घर के दरवाजे पर गोली मार दी। हमलावर मौके से फरार हो गए। गोली लगते ही घायल हरिशंकर जमीन पर गिर पड़े। परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें तत्काल दरभंगा एमसीएच ले जाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

Advertisement

घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।स्थानीय लोगों ने बताया कि पटाखे जैसी तेज आवाज सुनकर लोग बाहर निकले। कुछ ने देखा कि तीन बदमाश बाइक पर पूर्व दिशा की ओर भागे। तभी हरिशंकर की पत्नी चीखती हुई बाहर आईं और बताया कि बदमाशों ने पति को गोली मारी है। जख्मी हरिशंकर घूर के पास औंधे मुंह पड़े थे और आसपास खून बिखरा था।

Advertisement

सूचना पाकर कमतौल थानेदार समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा। प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश सहित अन्य कारणों की पड़ताल शुरू हो गई। आसपास पूछताछ और छापेमारी तेज कर दी गई है। ग्रामीणों ने आरोपी गिरोह की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।

सदर टू कमतौल एसडीपीओ शुभेंदु कुमार सुमन ने बताया कि पुलिस घटनास्थल पर कैंप किए हुए है। तकनीकी सेल और एफएसएल टीम को बुलाया गया है। मामले की गंभीरता से जांच चल रही है और शीघ्र ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। खबर लिखे जाने तक पोस्टमार्टम की प्रक्रिया चल रही थी।

Share