
हाईवे पर कंटेनर में लगी भीषण आग, 30 लाख का माल राख।
दरभंगा: सिमरी थाना क्षेत्र में सुबह दरभंगा-मुजफ्फरपुर उच्च पथ (एनएच-27) पर भराठी चौक के पास एक कंटेनर ट्रक में भीषण आग लग गई। हेयर आवला ऑयल से लदा यह ट्रक उत्तर प्रदेश के बदायूं से गुवाहाटी जा रहा था। करीब 30 लाख रुपये का ‘शांति आवला’ तेल आग की चपेट में आकर जलकर राख हो गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई और वाहनों का आवागमन प्रभावित रहा। कंटेनर चालक विपिन कुमार (निवासी-यूपी) ने बताया कि ट्रक के आगे-पीछे एक मोटरसाइकिल चल रही थी, जो अचानक उसके चपेट में आ गई। इससे आग भड़क उठी। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाइक ट्रक के नीचे आ गई, जिसके बाद हादसा हुआ। बाइक सवार फरार हो गया, उसकी स्थिति स्पष्ट नहीं।

हाईवे गश्ती में तैनात पुलिस पदाधिकारी शिव नारायण सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड को भी तत्काल सूचना दी गई। दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान कंटेनर और अधिकांश माल नष्ट हो चुका था।पुलिस ने स्पष्ट किया कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। चालक सुरक्षित है और उसे सिमरी थाना के हवाले कर दिया गया। आग के सटीक कारणों की जांच जारी है। बाइक सवार का भी पता लगाया जा रहा है।


