
गैस लेने जाते युवक को ट्रक ने कुचला, मौत।
दरभंगा: बिशनपुर थाना क्षेत्र के तारालाही लोहरसारी चौक के पास अज्ञात ट्रक ने एक युवक की बाइक को टक्कर मार दी, जिसमें उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक बहादुरपुर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर देकुली निवासी कुमार जी साहनी (25) थे, जो छोटकी डिलाही स्थित आरजे भवानी एचपी गैस गोदाम पर गैस लेने जा रहे थे।

परिजनों के अनुसार, पिछले चार दिनों से गैस नहीं मिलने के कारण वे परेशान थे। घर से करीब आठ किलोमीटर दूर एजेंसी पर गैस लेने के लिए निकले कुमार जी मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में वृद्ध माता-पिता, पत्नी और दो छोटे बच्चे-तीन वर्षीय बेटी तथा डेढ़ वर्षीय बेटा हैं। घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

मृतक के छोटे भाई नरसिंह कुमार सहनी ने गैस एजेंसी पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि समय पर होम डिलीवरी न होने से ही यह हादसा हुआ। उन्होंने प्रशासन से एजेंसी पर कार्रवाई, पीड़ित परिवार को मुआवजा तथा जिला प्रशासन के दावों पर सवाल उठाए। सीपीएम के राज्य सचिव मंडल सदस्य श्याम भारती ने भी इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए अतिरिक्त मुआवजा और कार्रवाई की मांग की।
बहादुरपुर थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। ट्रक चालक की तलाश जारी है।

