आधारकार्ड बनाने में अवैध वसूली करते तीन गिरफ्तार।

दरभंगा : आधारकार्ड के नाम पर अवैध वसूली करना सीएससी कम्पनी को महंगा पड़ा. इनके तीन कर्मचारियों को पुलिस ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. प्राप्त सूचना के अनुसार कुशेश्वरस्थान के ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को दूरभाष पर सूचना दी थी कि हमलोगों से अवैध वसूली की जा रही है. जिलाधिकारी ने सूचना को गंभीरता से लेते हुए बिरौल के एसडीओ मो. सफीक को घटनास्थल के लिए भेजा. एसडीओ जब वहां पहुंचे, तो उन्होंने ग्रामीणों से आधार कार्ड बनाने के नाम पर 110 रूपया वसूलते पकड़ा. एसडीओ की आने की खबर पूरे क्षेत्र में फैल गई और अनेकों लोगों ने शिकायत की कि उनलोगों से 110 रूपये की वसूली हुई है. एसडीओ ने आमलोगों की शिकायत सुनने के बाद जब कम्पनी के कर्मी की तलाशी ली, तो उनके पास से 3400 रूपया बराम किया और उसके बाद तीनों कर्मचारी विक्रम सिंह, मो. इशराफिल और लालबाबु साह को गिरफ्तार करने का आदेश दिया. पुलिस ने तीनों कर्मचारियों को उपकरण के साथ गिरफ्तार कर लिया. समाचार लिखे जाने तक प्राथमिकी की प्रक्रिया चल रही थी.

