
ताराडीह में श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ को लेकर प्रशासन अलर्ट, जया किशोरी के कथा स्थल का भी निरीक्षण।
दरभंगा: ताराडीह प्रखंड के नदियामी पंचायत में प्रस्तावित श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। तैयारियों का जायजा लेने प्रखंड प्रशासन की टीम ने स्थल निरीक्षण कर ग्रामीणों व आयोजन समिति के साथ बैठक की।

प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रीति कुमारी, अंचलाधिकारी आलोक कुमार व बीपीआरओ खगेन्द्र मोहन ने महायज्ञ स्थल का मुआयना किया। यज्ञ संयोजक कृष्ण मोहन दास ब्रह्मचारी उर्फ बौआ भगवान ने आयोजन की तैयारियां बताईं। अधिकारियों ने 21 अप्रैल से होने वाले पूज्य जया किशोरी के कथा वाचन स्थल का भी निरीक्षण किया।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, सफाई, यातायात व अन्य सुविधाओं पर दिशा-निर्देश दिए गए। महायज्ञ समिति को शांतिपूर्ण व सुव्यवस्थित आयोजन का निर्देश दिया गया। प्रशासन ने दोनों धार्मिक कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।

