
मानव श्रृंखला के दिन भी तीस घण्टे बाद भी नही लौटी शहर के बड़े हिस्से की बिजली। Voice of Darbhanga

दरभंगा: एक तरफ जहाँ पूरा महकमा सरकार के फरमान पर मानव श्रृंखला को सफल बनाने में जुटी है वहीं शहर एवं शहर से सटे एक बड़े हिस्से की बिजली पिछले 24 घण्टे से गुल है और लोगों में बिजली पानी केलिए हाहाकार मचा हुआ है। अल्लपट्टी गुमटी के निकट रसलपुर मोहल्ले के पास शुक्रवार सुबह टूट कर गिरा ग्यारह हजार केवीए का तार अभी नही जोड़ा जा सका है और संभवतः मानव श्रृंखला के दौरान सड़क बाधित रहने के करण इसे जल्दी में जोड़ने की सम्भावना भी फ़िलहाल कम ही दिख रही। शुक्रवार को बिजली तार जोड़ने आए विभाग के कर्मियों को स्थानीय लोगों का आक्रोश झेलना पड़ा। मुहल्लेवासी स्थायी निदान की मांग पर अड़े हुए थे, जबकि विभाग टूटे हुए तार को जोड़कर काम निकालना चाह रहा था। दोनों ओर से हो-हंगामा होने के बाद सूचना मिलते ही बहादुरपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। वहीं जिला ग्रामीण कार्यपालक अभियंता रंजीत कुमार सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंकर आक्रोशित लोगों को समझाने की कोशिश की। लेकिन कोई भी मानने को तैयार नहीं हुए। अंत में विभाग ने अतिरिक्त पोल गाड़ने की मांग को मान लिया। 21 जनवरी की सुबह इन इलाकों में विभाग की ओर से पोल गाड़ कर बिजली तार लगाए जाने की बात कहीं गयी। कार्य पूरा नहीं होने तक प्रभावित इलाकों की बिजली आपूर्ति बाधित ही रहेगी। इधर, विद्युत अधिक्षण अभियंता सुनील कुमार दास ने बताया कि इस इलाके में 1962 से विद्युत आपूर्ति को लेकर पोल और तार लगा हुआ है। ऐसे लोगों की समस्या को देखते हुए नया पोल व तार लगाने का निर्देश दिया गया है। देर रात तक स्थायी निदान नहीं होने के कारण आर एस टैंक फीडर से जुड़े कृष्णापुरी, बहादुरपुर, कबिलपुर, गोविंदपुर, डरहार, राघेपुरा, आर एस टैंक सहित इलाकों में विद्युत सेवा बाधित है।
भले ही सरकर के आला अधिकारी मानव श्रृंखला केलिए एकतरफ एड़ी-चोटी का जोड़ लगा रहे हों, पर बिजली के बिना जनता तड़प तो रही है, साथ ही साथ इसके कारण बहुत बड़े हिस्से में लोग टीवी आदि पर मानव श्रृंखला की कवरेज आदि भी नही देख पाएंगे।

