
AIMIM नेता का आरोप, बिहार अधिकार यात्रा के दौरान हमला; थाना में आवेदन, जांच प्रगति पर।
दरभंगा: बिरौल नगर पंचायत के उपमुख्य पार्षद और AIMIM के नेता अख्तर शहंशाह उर्फ चांद बाबू ने राजद नेता एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने घटना को लेकर बिरौल थाना में आवेदन दिया है।

शहंशाह ने आरोप लगाया कि 19 सितंबर 2025 को तेजस्वी यादव की बिहार अधिकार यात्रा सहरसा से समस्तीपुर जाने के क्रम में स्टेट हाईवे-17 स्थित हाटीकोटी के पास उनके साथ बड़ी घटना घटी। शाम करीब पांच बजे वह अपने सहयोगियों संग खड़े थे और मुस्लिम समाज के हक-अधिकार को लेकर AIMIM को महागठबंधन में शामिल करने की मांग कर रहे थे।

इसी दौरान, शहंशाह के मुताबिक, तेजस्वी यादव ने अपने ड्राइवर को आदेश दिया कि “इसके ऊपर से गाड़ी चढ़ा दो।” आरोप है कि आदेश के बाद उन पर गाड़ी चढ़ा दी गई, जिससे उनका दाहिना पैर फ्रैक्चर हो गया और सिर व शरीर पर गंभीर चोटें आईं।शहंशाह ने यह भी आरोप लगाया कि दरभंगा निवासी अली अशरफ फातमी ने अपने कार्यकर्ताओं को आदेश दिया कि “इसे मारपीट कर भगा दो।” इसके बाद राजद कार्यकर्ताओं ने उनके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की तथा धमकी दी कि “तेजस्वी जी के अधिकार यात्रा में आकर अच्छा नहीं किया।”गंभीर रूप से घायल शहंशाह को स्थानीय लोगों और समर्थकों की मदद से पहले रेफरल अस्पताल बिरौल, फिर बाद में स्थिति गंभीर होने पर डीएमसीएच दरभंगा रेफर किया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।उन्होंने कहा कि आवेदन दर्ज करने में देरी की वजह उनका अस्पताल में भर्ती रहना है।

शहंशाह का आरोप है कि घटना के बाद से उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं, जिससे वह भयभीत हैं।इस संबंध में बिरौल थानाध्यक्ष चंद्रमणि ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है और मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।


