
6 साल की बच्ची के दुष्कर्म-हत्या पर बेला चौक जाम, आगजनी व पथराव; आरोपी गिरफ्तार, स्पीडी ट्रायल का वादा।
दरभंगा: विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के पटवा पोखर में शनिवार शाम 6 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म कर हत्या के खिलाफ रविवार सुबह आक्रोशित ग्रामीणों ने बेला चौक पर सड़क जाम कर दी। उन्होंने टायर जलाए, एक ऑटो व दुकान में आग लगाई तथा कई वाहनों को क्षतिग्र्रस्त किया। पुलिस को आरोपी को जनता के हवाले करने की मांग पर पथराव किया, जिसके जवाब में बल प्रयोग हुआ। रोड़े बाजी में कई पुलिसकर्मी घायल हुए।

घटना की सूचना पर डीएम कौशल कुमार, एसएसपी जगुनाथ रड्डी जलरड्डी, सदर एसडीओ विकास कुमार, सदर एसडीपीओ राजीव कुमार, ट्रैफिक डीएसपी प्रकाश कुमार सहित आठ थानों की फोर्स व दंगा नियंत्रण दल पहुंचा। उन्होंने हालात नियंत्रित किए। पड़ोसी 22 वर्षीय विकास महतो ने तालाब किनारे खेल रही बच्ची का दुष्कर्म कर हत्या की।

परिजनों ने रविवार सुबह शव मिलने पर थाने में शिकायत की। थानाध्यक्ष सुधीर कुमार ने सीसीटीवी से आरोपी को रात में गिरफ्तार किया। शव का डीएमसीएच में पोस्टमॉर्टम कराया गया।एसएसपी ने एफएसएल टीम बुलाकर साक्ष्य संग्रह कराया। आरोपी के घर से खून लगे कपड़े जब्त हुए। डीएम ने कहा, “आरोपी के खिलाफ स्पीडी ट्रायल चलाकर कड़ी सजा दिलाई जाएगी। स्थिति नियंत्रित है।” मोहल्ले में फ्लैग मार्च जारी है।


