ब्रेकिंग: दरभंगा मे अपराधी बेलगाम, देर शाम फिर हुई लूट की घटना।

दरभंगा। अभिषेक कुमार
एनएच 57 पर शोभन पूल के निकट आज शाम करीब 7 बजे एक बार फिर अपराधियों ने खुले दुस्साहस का परिचय देते हुए भारतीय बचत एवं साख स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड के सिमरी शाखा के प्रबन्धक शमसूद जोहा उर्फ लाडले को मारपीट कर घायल कर दिया एवं मुख्य शाखा मे जमा करने जा रहे 75 हज़ार नगद भी लूट लिया। पीड़ित के भाई ने जानकारी दी कि उनके पास से घड़ी,चेन, पर्स आदि भी छीन लिया एवं लोहे के पाइप से पीट कर घायल कर दिया। बाइक चला कर किसी प्रकार किलघाट बाजीतपुर आवास पर पहुँच कर बेहोश होकर गिर पड़े। परिजनो ने तुरंत डीएमसीएच भर्ती करवाया जहां उनका इलाज़ चल रहा हैं।
डीएमसीएच पहुंचे समिति के चेयरमेन सह समाजवादी पार्टी के नेता मो0 वसीम अहमद ने कहा कि इस तरह यदि दिन दहाड़े घटना हो रही है और अपराधी बेखौफ हैं तो यहाँ काम करना मुश्किल है। इसका मतलब है कि लोग यहाँ व्यवसाय आदि करना छोड़ दें। घटना की सूचना मिलने पर भाजपा के जिला मंत्री अशोक नायक ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि दरभंगा मे लूट की घटनाएँ रुकने का नाम नही ले रही है। अपराधियों पर जैसे कानून का खौफ ही समाप्त हो गया है। जंगलराज अब इसे नही तो किसे कहेंगे। समाचार लिखे जाने तक कोई मामला दर्ज नही हो पाया था। सिमरी थाना और मब्बी ओपी पुलिस थानाक्षेत्र को लेकर भटक रहे थे कि किसके थानाक्षेत्र मे हुआ है। हालांकि सिमरी थानाध्यक्ष राजन कुमार ने बताया कि उन्हे सूचना मिलते ही घटनास्थल की ओर वे रवाना हो चुके हैं।

