
सीढ़ी हटाने के विवाद में देवर ने कुल्हाड़ी से मारकर भाभी को उतरा मौत के घाट , भाई घायल।
दरभंगा: बहेड़ी थाना क्षेत्र की समधपुरा पंचायत अंतर्गत आधारपुर गांव में आंगन में रखी सीढ़ी हटाने को लेकर दो सगे भाइयों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि छोटे भाई ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इसमें भाभी की मौके पर मौत हो गई, जबकि बड़ा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्व. शिवशंकर झा के बेटे हेमकांत झा (उम्र अज्ञात) और खुशीकांत झा के बीच शनिवार सुबह विवाद हुआ। आरोप है कि आपा खोकर खुशीकांत ने कुल्हाड़ी से हेमकांत और उनकी पत्नी सरिता देवी (57) पर वार किया। सरिता की घटनास्थल पर मौत हो गई।
ग्रामीणों ने बहेड़ी थानाध्यक्ष सूरज कुमार गुप्ता को सूचना दी। पुलिस ने आरोपी खुशीकांत को गिरफ्तार कर लिया और कुल्हाड़ी जब्त की। मृतका का शव पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेजा गया।हेमकांत को पहले बहेड़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, फिर डीएमसीएच और अंततः पटना पीएमसीएच रेफर किया गया, लेकिन परिजनों ने उन्हें दरभंगा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
मृतका के दो बेटे हैं – बड़ा बेटा राहुल कुमार झा सिक्किम के केंद्रीय विद्यालय में शिक्षक और छोटा बेटा अभिषेक कुमार झा दिल्ली में चार्टर्ड अकाउंटेंट। दोनों शनिवार सुबह ही सिक्किम से लौटे थे। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बासुकीनाथ झा और एफएसएल टीम ने साक्ष्य संकलित किए। थानाध्यक्ष ने बताया कि जांच जारी है और स्थिति नियंत्रित है।

