
बैंकिंग के 5 दिवसीय सप्ताह की मांग को लेकर हड़ताल, 400 करोड़ का कारोबार ठप।
दरभंगा: यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के आह्वान पर पांच दिवसीय कार्य सप्ताह की मांग को लेकर सोमवार को देशव्यापी बैंक हड़ताल का जिले में व्यापक असर पड़ा। सभी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक, ग्रामीण बैंक और कई निजी बैंक पूरी तरह बंद रहे। ग्राहकों को लेन-देन में भारी परेशानी हुई।

बैंककर्मी यूएफबीयू के बैनर तले शाखाओं से दूर रहे। बड़ी संख्या में कर्मी टावर चौक पर एकत्र हुए। जिला संयोजक रमण कांत मिश्रा, सह-संयोजक कुमार विष्णु और यशवंत कुमार के नेतृत्व में शांतिपूर्ण जुलूस निकाला गया, जो जीएम रोड स्थित यूनियन बैंक पहुंचा। वहां सभा हुई, जिसकी अध्यक्षता वरिष्ठ बैंकर अजीत कुमार सिंह ने की।सरोज सिंह ने बताया कि 24 घंटे की हड़ताल से करीब 400 करोड़ का कारोबार प्रभावित हुआ। आनंद मोहन ठाकुर, रामाधार सिंह, प्रदीप मिश्रा और रविंद्र ठाकुर ने कहा कि बैंककर्मी अपने अधिकार संघर्ष से ही हासिल करते हैं।
दरभंगा ट्रेड यूनियन के फूल कुमार झा और सत्यप्रकाश चौधरी ने सरकार-आईबीए की वादाखिलाफी पर सवाल उठाए। वक्ताओं ने चेतावनी दी कि हड़ताल का असर न पड़ा तो आंदोलन तेज होगा।

