
चोरी के आरोप में पीट पीट कर नाबालिग को किया अधमरा, डीएमसीएच में चल रहा इलाज़। Voice of Darbhanga

दरभंगा: डीएमसीएच में अधमरे हालत में रेफर होकर आये मधुबनी के एक युवक की कहानी दिल दहला देने वाली दिखी।
इलाके के दबंगों ने एक किशोर को चोरी के संदेह में खूंटे से बांधकर पीटा। बाद में ग्रामीण उसे छुड़ाकर निकटवर्ती प्राथमिक स्वासथ्य केंद्र ले गए, जहां से उसे दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना मधुबनी के साहरघाट थाने के पोखरौनी गांव की है।
जानकारी के अनुसार पोखरौनी गांव निवासी बिट्टू (16) को चाय-नाश्ता के दुकानदार व तालाब में मछली की रखवाली का काम करने वाले श्याम किशोर राय उर्फ लोहा सिंह ने चोरी के संदेह में पकड़ लिया। उसने कुछ अन्य लोगों के साथ मिलकर उसे मवेशी के खूंटे में बांध दिया। बिट्टू के भी हाथ-पैर बांध दिए गए। इसके बाद उन लोगों ने उसे लाठी-डंडे से पीटकर अधमरा कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने पर बिट्टू की मां जब उसे बचाने गई तो उसे भी पीटा गया। बाद में ग्रामीणों ने हस्तक्षेप कर उसे छुड़ाया।
बिट्टू के पिता ने बताया कि मंगलवार की शाम में खलने के दौरान उसके बेटे की चप्पल लोहा सिंह की दुकान के पास छूट गई थी। अगली सुबह जब वह चप्पल लाने गया तो लोहा सिंह ने उसे पकड़कर हाथ-पांव खूंटे से बांध दिया और पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। दूसरी ओर लोहा सिंह का आरोप है कि बिट्टू ने उनकी दुकान के बाहर लगे बल्ब व कुछ अन्य सामानों की चोरी की।
घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। सलेमपुर पंचायत के मुखिया देवेन्द्र यादव ने कहा कि चोरी के संदेह में बच्चे को खूंटे से बांधकर पीटना सरासर गलत है। साहरघाट थानाध्यक्ष प्रेमलाल पासवान ने बताया कि पीडि़त का बयान लेकर एफआइआर दर्ज की जा रही है।

