
चिटफंड कंपनी के कार्यालय पर पुलिस का छापा। Voice of Darbhanga

दरभंगा: चिटफंड कंपनी द्वारा भोलेभाले लोगों को चूना लगाने की लगातार हो रही घटनाओं को लेकर एसएसपी दिलनवाज अहमद के नेतृत्व में गुरुवार को जाले थाना क्षेत्र के मुरैठा स्टेशन व बहादुरपुर थाना क्षेत्र के रघेपुरा के समीप चल रहे जनशक्ति मल्टी स्टेट मल्टी परपस कॉपरेटिव सोसाईटी लिमिटेड ननबैंकिंग के कार्यालय पर छापा मारा गया। मुरैठा में कार्यालय में मौजूद कंपनी के प्रबंधक अभिनव कुमार, एजेंट लालबाबू यादव, कैशियर राखी कुमारी व चपरासी किशोरी यादव से पूछताछ की गई। इसके बाद बैंकिग कार्यो से जुड़े खाता खुलवाने के आवेदन पत्र, अनुज्ञान पत्र की प्रति आदि का फोटो स्टेट व सभी कर्मियों का नाम पता, मोबाइल नंबर आदि की व्यौरा लिया गया। छापेमारी दल में कमतौल पुलिस निरीक्षक अजय कुमार झा, जाले थानाध्यक्ष आरके शर्मा शामिल थे। वहीं मुरैठा में छापेमारी के दौरान पता चला कि बहादुरपुर थाना क्षेत्र के रघेपुरा चौक पर भी उक्त कॉपरेटिव सोसाइटी का शाखा है। सूचना मिलते ही एएसपी के निर्देश पर मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में बहादुरपुर थाना पुलिस ने छापेमारी की। छापेमारी में वहां से भी खाता खुलवाने आदि का कागजात जब्त किया गया। वहीं अथमलगोला बाढ़ निवासी ब्रांच के असिस्टेंट मैनेजर संजीत कुमार शिवम, चपरासी विमल नाथ मिश्रा आदि से पूछताछ की। इस संबंध में पूछने पर एएसपी दिलनवाज अहमद ने बताया कि कागजात आदि की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही पता चल सकेगा कि कार्यालय का रजिस्ट्रेशन सही है कि नहीं। उन्होंने बताया कि अगर कागजात सही नहीं पाया गया तो मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

