Home Featured हॉस्टल में साजिश या संयोग: नवोदय स्कूल के छात्र की मच्छरदानी में लगी आग, बची जान।

हॉस्टल में साजिश या संयोग: नवोदय स्कूल के छात्र की मच्छरदानी में लगी आग, बची जान।

दरभंगा: पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय के केवटी प्रखंड स्थित नीलगिरी छात्रावास में सोमवार देर रात 8वीं कक्षा के छात्र प्रत्यूष राज की जान पर बनी। किसी ने जानबूझकर उसकी मच्छरदानी में आग लगा दी। समय रहते छात्र की नींद खुली, वरना बड़ी त्रासदी हो सकती थी।

रैयाम थाना क्षेत्र में हुई इस घटना ने स्कूल प्रशासन की लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं। 30 मार्च रात करीब 10:20 बजे सभी छात्र सो चुके थे। प्रत्यूष राज (14 वर्ष) के बेड पर मच्छरदानी जल रही थी। गर्माहट महसूस कर जागे छात्र ने शोर मचाया। साथ सो रहे 15 अन्य छात्रों ने बाल्टी-मग से पानी डालकर आग बुझाई। बेड के नीचे प्लास्टिक का जला टुकड़ा और माचिस की तीली मिली। प्रत्यूष के छोटे भाई आयुष राज भी उसी कमरे में थे। दोनों भाई सहमे हुए हैं। छात्र के बाएं हाथ, गर्दन और टी-शर्ट पर जलन के निशान हैं।

घनश्यामपुर के सरकारी शिक्षक अनिल कुमार सुबह सूचना पाकर पहुंचे। उन्होंने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया। बताया कि 24 मार्च को बाथरूम फ्लश में आग लग चुकी थी। दोनों बेटों को घर ले गए। अनिल ने जिला प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की। प्राथमिक उपचार विद्यालय नर्स और सीएचसी केवटी में कराया गया।

प्राचार्य डॉ. चंद्रसेन ने बताया कि मच्छरदानी और बेड का कुछ हिस्सा जला। प्रथम दृष्टया माचिस से आग लगी। तलाशी में 3-4 मोबाइल फोन और माचिस मिलीं। 10-12 संदिग्ध छात्रों को अभिभावकों के साथ घर भेजा गया। स्टाफ, हाउस मास्टर और अभिभावकों के साथ बैठक हुई। रिपोर्ट जिलाधिकारी और क्षेत्रीय कार्यालय को भेजी जाएगी। दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।

प्रत्यूष ने कहा, “आग का टुकड़ा हाथ पर गिरा, नींद खुली। किसी से झगड़ा नहीं।” कमरे में 17 छात्र थे, गेट अंदर से बंद। सुबह गार्ड को सूचना दी गई। प्राचार्य ने काउंसलिंग कराई। घटना ने छात्रों में भय का माहौल बना दिया है।

Share