दलित उत्पीड़न के विरूद्ध सीपीएम ने निकाला प्रतिरोध मार्च

दरभंगा : मनीगाछी थाना के पैठानकवई गांव के दलित महिला के साथ किये गये दुर्व्यवहार के विरोध में माकपा और दलित शोषण मुक्ति मोर्चा की ओर से प्रतिरोध मार्च निकाला गया. यह मार्च पोलो मैदान से होकर लोहिया चौक तक गई. वहीं पर रामसागर पासवान की अध्यक्षता में नुक्कड़ सभा का आयोजन किया गया. मोर्चा के राज्य महासचिव श्याम भारती ने आरोप लगाया कि मनरेगा के भुगतान में बिचौलियों को कमीशन नहीं देने के कारण सामंतों ने बेरहमी से महिला की पिटाई की. उन्होंने कहा कि घटना 16 जुलाई की है और मनीगाछी थाना एवं लहेरियासराय महिला थाना ने प्राथमिकी नहीं ली. बाद में एसएसपी के हस्तक्षेप से प्राथमिकी दर्ज हुई. उन्होंने अविलम्ब अभियुक्तों की गिरफ्तारी की मांग की. सभा को शत्रुध्न पासवान, रामप्रीत राम, आनंद राम, सुबोध चौधरी, सिया देवी एवं सुशीला देवी ने संबोधित किया. वहीं दूसरी ओर मिथिलांचल विकास सेना के अध्यक्ष संतोष कुमार महतो की अध्यक्षता में बैठक कर मनीगाछी की घटना की निन्दा की और पांच लाख मुआवजा और दोषी व्यक्तियों पर कारवाई की मांग की गई. बैठक में गणेश यादव, लालबाबू महतो, शंकर धनकार, सुनील सिंह, बब्लु यादव, मो. ओवेदुल्लाह, शंकर चौधरी, ललन सिंह, मनोज चौधरी, महेन्द्र साह, दिलीप राम, अजीत मंडल, ललन राय, जयशंकर सिंह, बसंत कुमार मिश्रा, गौरव झा सहित कई लोग मौजूद थे.

