
दरभंगा-बेंगलुरु सीधी उड़ान फिर शुरू, अप्रैल टिकट हाउसफुल।
दरभंगा: मिथिला क्षेत्र के यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। अनियमित उड़ानों और करीब पांच महीने तक सीधी उड़ान पूरी तरह बंद रहने के बाद रविवार को अकाशा एयरलाइंस ने दरभंगा-बेंगलुरु रूट पर सीधी उड़ान शुरू की। इससे अब कनेक्टिंग फ्लाइट की झंझट से मुक्ति मिलेगी और किराए में भी राहत की उम्मीद है।

पहली उड़ान में बेंगलुरु से दरभंगा आने वाली फ्लाइट (क्यूपी-1513) से 162 यात्री पहुंचे, जबकि दरभंगा से बेंगलुरु जाने वाली फ्लाइट (क्यूपी-1514) में 172 यात्रियों ने सफर किया। मालूम हो कि पहले इस रूट पर इंडिगो हैदराबाद के जरिए कनेक्टिंग फ्लाइट चला रही थी। शुरुआत में स्पाइसजेट ने भी सेवा दी थी, लेकिन अपेक्षित सुविधाओं के अभाव में यात्री संख्या घटी और सेवा बंद हो गई। नई सीधी उड़ान शुरू होते ही असर दिखने लगा है। अप्रैल के लिए दरभंगा-बेंगलुरु रूट पर टिकट लगभग हाउसफुल हैं, जो इस रूट की बढ़ती मांग को दर्शाता है।

एयरपोर्ट अथॉरिटी के सूत्रों के अनुसार, दरभंगा एयरपोर्ट के वॉच ऑवर बढ़ने के बाद भविष्य में अकाशा एयरलाइंस समेत अन्य एयरलाइंस नए रूटों पर उड़ानें शुरू कर सकती हैं। सांसद गोपालजी ठाकुर और डायरेक्टर दिलीप कुमार ने पहले टिकट लेने वाले यात्रियों को बुके भेंटकर सम्मानित किया।
सांसद डॉ. गोपालजी ठाकुर ने कहा कि इस सीधी सेवा से दरभंगा सहित पूरे मिथिलांचल के लोगों को अपार लाभ होगा। मिथिला वासियों के लिए यह हर्ष का विषय है। इससे सहूलियत बढ़ेगी, समय बचेगा, पर्यटन व रोजगार को बल मिलेगा। पिछले एक वर्ष में यात्रियों की संख्या में 57 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। एयरपोर्ट अंतरराष्ट्रीय मानकों को पूरा करता है।

