
दरभंगा मेडिकल कॉलेज: डॉक्टर और परिजन भिड़े, इमरजेंसी ठप; पुलिस ने संभाला।
दरभंगा: दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMCH) के मेडिसिन इमरजेंसी में मंगलवार शाम हड़कंप मच गया। पीजी डॉक्टरों और एक मरीज के परिजन के बीच नोकझोंक के कारण करीब 20 मिनट तक इलाज ठप रहा और रजिस्ट्रेशन काउंटर भी बंद कर दिया गया।

कमतौल थाना क्षेत्र के टेकटार मधुपुर निवासी 60 वर्षीय राम उदार दास को सांस फूलने की शिकायत पर मंगलवार को मेडिसिन इमरजेंसी में भर्ती कराया गया था। मेडिसिन क्रिटिकल केयर डॉ. बी.एन. झा यूनिट के पीजी डॉक्टर उनका इलाज कर रहे थे। इलाज के दौरान मरीज की बेटी दाइवती देवी खाने-पीने को लेकर डॉक्टर से पूछताछ करने पहुंची, जहां दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई।

विवाद बढ़ने पर इमरजेंसी में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर बेंता थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दाइवती देवी को थाने ले जाकर समझा-बुझाकर छोड़ दिया। घटना के बाद अधीक्षक डॉ. जगदीश चंद्र, औषधि विभागाध्यक्ष व यूनिट इंचार्ज डॉ. बी.एस. झा तथा उपाधीक्षक अमित कुमार झा इमरजेंसी पहुंचे। अधीक्षक ने खुद मरीजों का जायजा लिया, भर्ती मरीजों से बात की और पीजी डॉक्टरों को निर्देश दिए। इसके बाद स्थिति सामान्य हो गई और इलाज फिर शुरू कर दिया गया।

