
दरभंगा पुलिस एसोसिएशन चुनाव: नंदलाल यादव गुट की जबरदस्त जीत, सभी प्रमुख पदों पर कब्जा।
दरभंगा: नाका नंबर-7 स्थित पुलिस लाइन में बिहार पुलिस एसोसिएशन की दरभंगा शाखा का चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। मतदान के बाद देर रात तक चली मतगणना के परिणाम आज घोषित किए गए, जिसमें नंदलाल यादव के नेतृत्व वाले गुट ने सभी प्रमुख पदों पर जीत हासिल कर एसोसिएशन पर पूर्ण नियंत्रण जमा लिया।

चुनाव दो प्रमुख गुटों-बालाकांत कुमार और नंदलाल यादव-के बीच कड़ा माना जा रहा था। बैलेट पेपर के माध्यम से हुए मतदान में जिले के एएसआई से इंस्पेक्टर रैंक तक के पुलिस पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष, संयुक्त सचिव और सचिव-इन पांच पदों के लिए वोटिंग हुई।

परिणाम में नंदलाल यादव अध्यक्ष, राजकुमार उपाध्यक्ष, साजिद हुसैन कोषाध्यक्ष, जितेंद्र कुमार संयुक्त सचिव तथा अनिल कुमार सचिव चुने गए। रात करीब नौ बजे शुरू हुई मतगणना देर रात तक चली। परिणाम घोषणा के साथ विजयी गुट के समर्थकों में उत्साह की लहर दौड़ गई। कड़ा मुकाबला होने के बावजूद नंदलाल गुट की एकतरफा जीत ने सबको चौंका दिया।


