
दखल दिहानी योजना से गरीबों को नही मिल रहा लाभ: माले

दरभंगा : भाकपा माले पोलित ब्यूरो सदस्य धीरेन्द्र झा ने कहा कि भूमि सुधार व राजस्व मंत्री के जिला में आॅपरेशन दखल दिहानी और गरीब बसाओ अभियान न केवल फिसड्डी बना हुआ है, बल्कि भूमिहीनों, गरीबों का बेदखली बड़े पैमाने पर हो रहा है. पंडासराय स्थित माले कार्यालय में श्री झा ने पत्रकारों को बताया कि दरभंगा जिला में दलित गरीबों के प्रति उत्पीड़न लूट-भ्रष्टाचार की खेती तेज हुई है. जनता का राशन जनता के घर के बदले जनवितरण के राशन की कालाबाजारी बढ़ी है. सुखाड़ और बेकारी की इस मौसम में कई-कई महीनों के राशन नहीं मिले हैं. उन्होंने कहा कि माले 4 सितम्बर को कटैया मार्च दरभंगा से निकालेगी और पूरे जिला में 4 सितम्बर से 15 सितम्बर तक सामाजिक परिवर्त्तन यात्रा के जरिए भगत सिंह-अम्बेदकर के विचारों का समाज राष्ट्र निर्माण के विचारों की अलख जगायेगा. वहीं जिला सचिव बैद्यनाथ यादव ने सुखाड़ की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए बिहार सरकार से किसानों की दुर्दशा के मद्देनजर नीतिगत हस्तक्षेप करने की बात कही.

