Home Featured शादी का झांसा देकर दो साल तक शोषण, फिर लोहे की रॉड से सिर फोड़कर घर से निकाला।

शादी का झांसा देकर दो साल तक शोषण, फिर लोहे की रॉड से सिर फोड़कर घर से निकाला।

दरभंगा: जिले के बहेड़ा थाना क्षेत्र में शादी और नौकरी का झांसा देकर एक युवती के साथ जबरन रिश्ता बनाने, यौन व मानसिक शोषण, मारपीट, बच्ची को छीनकर ले जाने और घर से निकालने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता के भाई ने शुक्रवार 21 मार्च को बहेड़ा थाने में आवेदन देकर पुलिस से त्वरित गिरफ्तारी और बच्ची की सुरक्षित बरामदगी की मांग की है।

Advertisement

परिजनों के अनुसार, दो साल पहले 2023 में हांसी गाँव निवासी अभिषेक राय (28) ने फेसबुक के जरिए पीड़िता से दोस्ती बनाई और नौकरी का झांसा देकर उसे मुंबई ले गया। वहां शादी का वादा कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और करीब तीन वर्षों तक शोषण करता रहा। इसी दौरान एक बेटी का जन्म हुआ। परिजन बताते हैं कि मुंबई में रहते समय अभिषेक लगातार युवती के साथ मारपीट व दुर्व्यवहार करता था, जिसकी जानकारी पहले ही पीड़िता के भाई को मिल चुकी थी।

Advertisement

फरवरी 2026 में पीड़िता को मुंबई से गाँव लाये जाने के बाद, 25 फरवरी को परिवार के सदस्य एक शादी में गए हुए थे, तभी अभिषेक राय, उसके पिता नवीन राय और चार अज्ञात लोगों के साथ घर पहुंच गया। परिजनों के अनुसार उसने पीड़िता पर जानलेवा हमला किया, लोहे की रॉड से उसका सिर फोड़ दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गई। बीच‑बचाव करने आए दूसरे भाई के साथ भी मारपीट की गई। जाते समय अभिषेक ने दो साल की बच्ची को अपने साथ ले जाकर उसे बेचने की धमकी दी और युवती का मोबाइल भी छीन लिया, जिसमें अहम सबूत मौजूद थे।

पीड़िता के भाई ने बताया कि अभिषेक अब फोन पर धमकी दे रहा है और दावा करता है कि उसने पहले भी कई लड़कियों के साथ दुष्कर्म किया है। वहीं पीड़िता की मां ने बताया कि बेटी को न तो मुंबई में नौकरी दिलाई गई और न ही शादी की गई, बल्कि तीन साल तक शारीरिक व मानसिक शोषण करता रहा। अब उसने जाति के नाम पर तिरस्कार, मारपीट और घर से निकालकर पूरे परिवार को तोड़ने का षड्यंत्र रचा है।

Advertisement

पीड़ित परिवार ने बताया कि स्थानीय स्तर पर खुद ही समझौते का प्रयास किया गया, लेकिन नतीजा नहीं निकला। इसी के बाद थाने में आवेदन दिया गया। मां ने धमकी देकर आरोपी से कहा है कि अगर जल्द न्याय नहीं मिला तो वह बेटी व बच्ची के साथ थाने पर जाकर आत्महत्या कर लेंगी।

इस संबंध में बहेड़ा थानाध्यक्ष रौशन कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया आरोपों की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। छान‑बीन तेजी से जारी है। आरोपियों की गिरफ्तारी और दो साल की बच्ची की सकुशल बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

Share