
सीटीईटी केंद्र पर फर्जी परीक्षार्थी धराया, वीक्षकों की सतर्कता से खुलासा।
दरभंगा: बेनीपुर अनुमंडल के एकमात्र सीटीईटी परीक्षा केंद्र बहेड़ा पब्लिक स्कूल में रविवार को फर्जी परीक्षार्थी पकड़ा गया। वीक्षकों की सतर्कता से दूसरे के बदले परीक्षा दे रहे युवक को हिरासत में लेकर पुलिस को सौंप दिया गया।

केंद्राधीक्षक व प्राचार्य एएम रिजबी ने बहेड़ा थाने में एफआईआर दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया। प्रथम पाली की परीक्षा के दौरान नालंदा के शमशेर गांव निवासी दिनेश प्रसाद के बेटे साहिल कुमार के स्थान पर सुमन राज परीक्षा दे रहा था।

वीक्षक शाहनवाज और रामबालक यादव को युवक की गतिविधियों पर संदेह हुआ। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह साहिल के स्थान पर कमरा नंबर तीन (क्र.सं. 113200600) में बैठा था। उसने केंद्र के बाहर जांच टीम को चकमा देकर प्रवेश किया और उत्तर पुस्तिका प्राप्त कर ली थी।आधार कार्ड समेत कागजात जब्त कर सीबीएसई पर्यवेक्षक श्रीराम साह व वीक्षकों की मौजूदगी में उसे बहेड़ा थाना पुलिस को सौंपा गया।


