
बेमौसम बारिश से फसल नुकसान, किसानों ने कृषि कार्यालय पर किया प्रदर्शन।
दरभंगा: बेमौसम बारिश से फसलों को हुए भारी नुकसान और मुआवजा न मिलने से आक्रोशित किसानों व बटाईदारों ने बुधवार को जोरदार प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय किसान महासभा के बैनर तले सैकड़ों किसान बहादुरपुर प्रखंड मुख्यालय से जुलूस निकालते हुए जिला कृषि पदाधिकारी कार्यालय पहुंचे और गेट जाम कर नारेबाजी की।

प्रदर्शन का नेतृत्व महासभा के जिला अध्यक्ष अभिषेक कुमार, जिला सचिव धर्मेश यादव, प्रवीण कुमार व सूर्य नारायण शर्मा समेत अन्य नेताओं ने किया। गेट पर आयोजित सभा की अध्यक्षता सूर्य नारायण शर्मा ने की। राज्य सह सचिव अभिषेक कुमार ने कहा कि बेमौसम बारिश ने किसानों की फसल पूरी तरह बर्बाद कर दी, लेकिन प्रशासन कागजी आंकलन कर वास्तविक क्षति को कम दिखा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि उचित मुआवजा न मिला तो आर-पार का आंदोलन होगा।

जिला सचिव धर्मेश यादव ने बताया कि उन्नत बीज के नाम पर किसानों को खराब बीज दिया गया, जो अंकुरित तक नहीं हुआ। इससे किसानों को दोहरी मार पड़ी है। उन्होंने दोषी कंपनी पर कार्रवाई व मुआवजा देने की मांग की।

