
बहेड़ी में होटल पर प्राथमिकी, घरेलू गैस के दुरुपयोग पर कार्रवाई।
दरभंगा : जिलाधिकारी कौशल कुमार के निर्देश पर जिले में एलपीजी गैस एजेंसियों के गोदामों व होटलों पर वरीय अधिकारियों ने शनिवार को औचक निरीक्षण किया। इस दौरान बहेड़ी के ब्रदर्स होटल पर घरेलू गैस सिलेंडर के व्यावसायिक उपयोग में प्राथमिकी दर्ज की गई।

प्रखंड पंचायत पदाधिकारियों ने शुक्रवार को 57 और शनिवार को 18 स्थानों पर छापामारी की। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि गैस की कोई कमी नहीं है। पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है तथा डोर-टू-डोर वितरण हो रहा है। नागरिकों से अनावश्यक स्टॉकिंग न करने की अपील की गई है।

एलपीजी एजेंसियों ने 21 मार्च को 10,186 से अधिक सिलेंडर वितरित किए, जबकि गोदामों में 12,982 बचे हैं। 22 मार्च को 10,690 नए सिलेंडर पहुंचने हैं, जिससे कुल 23,672 सिलेंडर वितरण के लिए उपलब्ध रहेंगे। गैस वितरण पर सतत निगरानी बरकरार है।

