
गोदाम से खाद व्यवसाय तक: आनंदपुर सहोरा पैक्स ने किसानों के लिए विकास का खाका खींचा।
दरभंगा: आनंदपुर सहोरा प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति (पैक्स) की नवनिर्वाचित प्रबंध समिति की पहली बैठक में किसानों की सुविधा व आय वृद्धि पर केंद्रित कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित हुए। अध्यक्ष कृष्ण भगवान चौधरी की अगुवाई में सहोरा पैक्स कार्यालय में हुई बैठक में विकास एजेंडा स्पष्ट रूप से उभरा।समिति ने 500 मीट्रिक टन क्षमता वाले आधुनिक गोदाम निर्माण का प्रस्ताव विभाग को भेजने का फैसला लिया। इससे किसानों को फसल सुरक्षित रखने और उचित मूल्य पाने में मदद मिलेगी।मुख्यमंत्री हरित कृषि संयंत्र योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, पैक्स स्तर पर खाद व्यवसाय शुरू करने व सीएससी सेंटर खोलने पर भी सहमति बनी। इससे किसानों को कृषि यंत्र अनुदान, खाद व ऑनलाइन सेवाएं एक ही जगह उपलब्ध होंगी।अध्यक्ष चौधरी ने कहा, “नवगठित समिति का लक्ष्य पैक्स को आत्मनिर्भर बनाना और किसानों तक सीधा लाभ पहुंचाना है।” उन्होंने सदस्यों से पारदर्शिता व सक्रियता बरतने का आह्वान किया।बैठक में प्रबंध समिति सदस्य कृष्ण मोहन झा, नीलेश कुमार चौधरी, वीणा देवी, कैलाश भगत, सुमित्रा देवी, पंकज कुमार, प्रबंधक सतिंदर ठाकुर व प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारी रामकुमार उपस्थित रहे।


