
गैस सिलेंडर विस्फोट में आधे दर्जन लोग झुलसे, पांच डीएमसीएच रेफर।
दरभंगा: पतोर थाना क्षेत्र के ऊष्मामठ बाजार स्थित साप्ताहिक हाट में नाश्ते की एक दुकान पर चूल्हे में लगा गैस सिलेंडर अचानक फट गया। विस्फोट इतना जोरदार था कि आसपास मौजूद आधा दर्जन से अधिक लोग झुलस गए। घटना के दौरान हाट में खरीदारी और दुकानदारी करने वाले लोग चपेट में आ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, धमाके से अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से झुलसे पांच लोगों-डोमनी देवी, हीरा देवी, उनकी बेटी मेनका कुमारी, लालू साह और उनके बेटे चंदन साह को डीएमसीएच में भर्ती कराया गया। एक ही एंबुलेंस से इन्हें अस्पताल ले जाया गया।
शेष घायलों का इलाज आसपास के निजी क्लीनिकों में चल रहा है। परिजनों के अस्पताल पहुंचने से वहां भी हड़कंप मच गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सभी घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है।

