Home Featured हरीनगर मारपीट कांड: एससी-एसटी आयोग अध्यक्ष ने डीएमसीएच में घायलों से की मुलाकात, इलाज व मुआवजे के सख्त निर्देश।

हरीनगर मारपीट कांड: एससी-एसटी आयोग अध्यक्ष ने डीएमसीएच में घायलों से की मुलाकात, इलाज व मुआवजे के सख्त निर्देश।

दरभंगा: बिहार राज्य अनुसूचित जाति-जनजाति आयोग के अध्यक्ष धनंजय कुमार उर्फ मृणाल पासवान ने गुरुवार को डीएमसीएच का दौरा कर कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र के हरीनगर गांव में बकाया मजदूरी विवाद में घायल अनुसूचित जाति के पीड़ितों का हाल जाना। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को सख्त निर्देश दिए कि घायलों का पूरा इलाज सुनिश्चित हो और मुआवजा शीघ्र वितरित किया जाए।

Advertisement

अध्यक्ष ने पुरुष-महिला वार्ड, इमरजेंसी व अन्य विभागों का जायजा लिया। घायलों ने बताया कि बकाया मजदूरी मांगने पर उन पर जानलेवा हमला हुआ, जिससे वे असुरक्षा महसूस कर रहे हैं। परिजनों ने शिकायत की कि दवाओं के लिए जेब से खर्च करना पड़ा, बेड की कमी रही और कुछ को समय से पूर्व डिस्चार्ज कर दिया गया। भोजन की गुणवत्ता व समय पर वितरण न होने की भी शिकायतें सामने आईं।

Advertisement

धनंजय पासवान ने अस्पताल अधीक्षक व डॉक्टरों से विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने साफ-सफाई, दवा उपलब्धता व भोजन व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए। विशेष रूप से गंभीर रूप से घायल बच्ची के पैर में रॉड लगने तक किसी को डिस्चार्ज न करने का आदेश दिया। लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी।थाना प्रभारी से बातचीत में पता चला कि हरीनगर कांड में 12 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं, शेष फरारों की तलाश जारी है।

Advertisement

अध्यक्ष ने पुलिस को फरारों की शीघ्र गिरफ्तारी, सख्त कानूनी कार्रवाई व मोहल्ले में गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। पीड़ितों को एक-दो दिनों में मुआवजा देने का आश्वासन दिया, आधार कार्ड उपलब्ध करा दिए गए हैं।अध्यक्ष ने कहा कि एससी-एसटी समुदाय को सरकारी अस्पतालों में गुणवत्तापूर्ण इलाज मिलना उनका अधिकार है। छोटे पैसे के विवाद को दंगा रूप देने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस होगी। सांसद चिराग पासवान व बिहार सरकार के निर्देश पर वे पटना से दरभंगा पहुंचे। आयोग पीड़ितों को पूर्ण न्याय दिलाएगा। निरीक्षण में अस्पताल के वरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Share