
स्वास्थ विभाग की समीक्षा बैठक में राशि खर्च नही कर पाने पर डीएम बिफरे। Voice of Darbhanga

दरभंगा: एक ओर स्वास्थ्य विभाग में संसाधनों की कमी का रोना पूरा महकमा रोता है। वहीं राशि रहते हुए खर्च करने में विभाग नकारा साबित हो रहा है। इसे गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी डॉ.चंद्रशेखर सिंह ने विभागीय कार्यशैली में सुधार लाने की सख्त हिदायत दी है। शुक्रवार को समाहरणालय के सभाकक्ष में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम अब महज 45 फीसद राशि खर्च किए जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने वित्तीय वर्ष की समाप्ति को देखते हुए सभी कर्मियों का बकाया मानदेय भुगतान करने को कहा। इसमें जननी बाल सुरक्षा व आशा के भुगतान को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने की हिदायत दी। डीएम ने साफ कहा कि विभाग के पास राशि उपलब्ध रहने के बावजूद भुगतान नहीं करना अनुचित है। इसी तरह अन्य मद में प्राप्त राशि का व्यय नहीं होना चिंताजनक है। खासकर दवा मद में प्राप्त राशि खर्च नहीं किए जाने पर जमकर क्लास लगाई गई। बैठक के दौरान डीएम डॉ.सिंह ने बहेड़ी व जाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में व्याप्त अव्यवस्था पर चिंता जताते हुए कहा कि वहां तैनात कर्मी कार्य में सुधार लाएं। दोनों केंद्रों को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही हैं। हिदायत के बाद भी स्थिति में सुधार नहीं होने पर कठोर कदम उठाने की चेतावनी डीएम ने दी। विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा के दौरान डीएम ने कार्य में लापरवाही के आरोप में आधा दर्जन स्वास्थ्य प्रबंधकों से स्पष्टीकरण मांगने का आदेश दिया। समय पर ओपीडी खोलने, रोस्टर के आधार पर डॉक्टरों की उपस्थिति सुनिश्चित करने, अस्पतालों की सफाई समेत विभिन्न बिंदुओं पर डीएम ने विभागीय पदाधिकारियों को कई निर्देश दिए। इसके अलावा चलने वाले टीकाकरण अभियान को लेकर भी चौकस रहने को कहा। बैठक में सिविल सर्जन समेत सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी मौजूद थे।

