
एलपीजी गैस और आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता पर उच्चस्तरीय समीक्षा, कालाबाजारी पर कसेगा शिकंजा।
दरभंगा: समाहरणालय के बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में वाणिज्य कर विभाग के सचिव सह प्रभारी सचिव दरभंगा संजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में एलपीजी गैस, आवश्यक वस्तुओं व सेवाओं की उपलब्धता तथा प्रवासी श्रमिकों की सुरक्षा पर विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित हुई।

जिलाधिकारी कौशल कुमार ने पावरपॉइंट प्रस्तुति के जरिए जिले में एलपीजी, पेट्रोल-डीजल, खाद्य सामग्री व अन्य आवश्यक सेवाओं की स्थिति से सभी को अवगत कराया। सचिव ने प्रतिदिन 12-13 हजार सिलेंडरों की आपूर्ति व स्टॉक की जानकारी ली तथा अनुमंडल पदाधिकारियों को छापेमारी तेज करने व कालाबाजारी-मुनाफाखोरी पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।

सचिव ने शिकायतों के त्वरित निपटारे हेतु विशेष सॉफ्टवेयर विकसित करने का आदेश दिया, जिससे पंजीकरण व निगरानी आसान हो सके। पीएनजी परियोजना में गति लाने व गैस एजेंसियों के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी जारी किए। सिविल सर्जन को ‘दीदी की रसोई’ में गैस उपलब्धता की नियमित जांच का जिम्मा सौंपा गया।
जिला कृषि पदाधिकारी ने उर्वरकों की भरपूर उपलब्धता की पुष्टि की, जबकि पेट्रोलियम कंपनियों के प्रतिनिधियों ने पेट्रोल-डीजल की कोई कमी न होने की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने सभी पेट्रोल पंपों पर मजिस्ट्रेट तैनात करने का निर्देश दिया तथा जिलेवासियों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार चौधरी, उप विकास आयुक्त स्वप्निल, अपर समाहर्ता सलीम अख्तर व राजेश कुमार गुप्ता, जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुरेश कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

